Chances of cold rise, dense fog increased problems, rail airline service disrupted: ठंड बढ़ने के आसार, घने कोहरे ने बढ़ाई दिक्कतें, रेल विमान सेवा बाधित

0
169

नई दिल्ली। पूरे उत्तर भारत समेत राष्टÑीय राजधानी दिल्ली ठंड में ठिठुर रही है। सोमवार को भी ठंड का कहर जारी रहा। दिल्ली में सुबह घने कोहरे की चादर छाई रही। कोहरे की वजह से राजधानी में रेल और विमान सेवा में परेशानी हुई। न्यूज एजेंसी के अनुसार कोहरे के कारण लगभग 30 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। जबकि विमान सेवों में दिल्ली एयरपोर्ट से तीन फ्लाइट्स को डायवर्ट किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार सुबह 5:30 बजे दिल्ली में पारा 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को अधिकतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके अलावा सोमवार को एक्यूआई लेवल दिल्ली में सुबह 6:40 पर 449 दर्ज किया गया। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में एक जनवरी से तीन जनवरी तक रात में हल्की बारिश की संभावना है और दो जनवरी को ओले भी पड़ सकते हैं। एक सरकारी बयान के अनुसार हरियाणा में कुछ स्थानों पर तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस के आसपास है और राज्य सरकार ने 30 तथा 31 दिसंबर को स्कूल बंद रखने का फैसला किया है। ‘इसके बाद एक जनवरी से 15 जनवरी के बीच राज्य के सभी स्कूल सर्दियों की छुट्टियों के चलते बंद रहेंगे।’ मौसम विभाग ने कहा कि हरियाणा और पंजाब में अगले कुछ दिन ठंड का प्रकोप बना रह सकता है। धरती के स्वर्ग कहे जाने वाले श्रीनगर में तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी है। मशहूर डल झील के कई हिस्से बर्फ में तब्दील हो गए और रात में श्रीनगर का तापमान शून्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि कश्मीर घाटी और लद्दाख केंद्र शासित क्षेत्र में तापमान जमाव बिंदु से कई डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। इससे क्षेत्र में शीतलहर तेज हो गई है।

SHARE