इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में दिग्गज चिप निर्माता कंपनी क्वालकॉम के सीईओ और प्रेसिडेंट क्रिस्टियानो अमोन ने किया दावा
India AI Impact Summit 2026 (आज समाज), बिजनेस डेस्क : इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में दुनिया भर के दिग्गज हिस्सा ले रहे हैं। इससे जहां भारत के एआई के क्षेत्र में लगातार बढ़ते प्रभाव का पता चलता है वहीं भारतीय विशेषज्ञों को इस समिट से दुनिया भर के प्रमुख विशेषज्ञों से उनके विचार जानने का मौका भी मिल रहा है।
इसी बीच भारत के एआई के क्षेत्र में बढ़ते प्रभाव को स्वीकार करते हुए दुनिया की दिग्गज चिप निमार्ता कंपनी क्वालकॉम के सीईओ और प्रेसिडेंट क्रिस्टियानो अमोन ने यह दावा किया है कि भारत ने जिस तरह दुनिया को पीछे छोड़ते हुए मोबाइल इंटरनेट और स्मार्टफोन क्रांति की अगुवाई की, ठीक वही इतिहास अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई के मामले में दोहराया जाने वाला है।
भारत के लिए यही सही समय
‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ के दौरान एक बातचीत में उन्होंने भारतीय बाजार के लिए एक बड़ा विजन रखते हुए साफ-साफ कहा कि भारत के लिए यही सही समय है। अमोन का यह बयान केवल एक भविष्यवाणी नहीं, बल्कि सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स इकोसिस्टम के मामले में वैश्विक मंच पर के भारत के बढ़ते भरोसे का प्रतीक है। अमोन ने भारत की तकनीक अपनाने की क्षमता का विश्लेषण करते हुए कहा कि भारत मोबाइल इंटरनेट की बात करें तो इस मामले में भारत छलांग लगाने में बहुत बेहतर था। जैसे ही देश में स्मार्टफोन और मोबाइल ब्रॉडबैंड की क्रांति हुई, भारत ने इंटरनेट के भविष्य में सीधी छलांग लगा दी। मुझे लगता है कि एआई के मामले में भी ठीक ऐसा ही होने वाला है, खासकर अब जब एआई हर जगह मौजूद होने जा रहा है।”
भारत के साथ काम करने की इच्छा जताई
बिजनेस के लिहाज से सबसे अहम बात यह है कि क्वालकॉम भारत के मैन्युफैक्चरिंग एम्बिशन को ग्लोबल सप्लाई चेन से जोड़कर देख रहा है। अमोन ने कहा कि सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण में निवेश की भारत की महत्वाकांक्षा न केवल घरेलू बाजार के लिए, बल्कि अन्य देशों के लिए भी किफायती उपकरणों के बड़े पैमाने पर उत्पादन का अवसर पैदा करती है। उन्होंने कहा कि हम भारत में इस इकोसिस्टम को जीवंत बनाने और इसे वैश्विक पदचिह्न हासिल करने में मदद करने के लिए अपना योगदान देने जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें : Share Market Update : शेयर बाजार में मजबूती का दौर जारी


