Foreign Exchange Reserves : देश के विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट

0
212
Foreign Exchange Reserves : देश के विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट
Foreign Exchange Reserves : देश के विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट

पिछले सप्ताह 725.727 अरब डॉलर के नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंचा था यह

Foreign Exchange Reserves (आज समाज), बिजनेस डेस्क : रिकॉर्ड ऊंचाई छूने के बाद भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट आई है। आरबीआई द्वारा जारी किए गए ताजा आंकड़ों की बात करें तो 20 फरवरी को समाप्त हुए सप्ताह के दौरान भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में 2.119 अरब डॉलर की गिरावट आई है। इस कमी के बाद देश का कुल विदेशी मुद्रा भंडार 723.608 अरब डॉलर के स्तर पर आ गया है।

ज्ञात रहे कि इससे पहले एक सप्ताह यह 8.663 अरब डॉलर की बड़ी छलांग लगाते हुए 725.727 अरब डॉलर के नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था। ऐतिहासिक ऊंचाई को छूने के ठीक बाद आई यह 2.11 अरब डॉलर की कमी मुख्य रूप से वैश्विक स्तर पर गैर-अमेरिकी मुद्राओं और सोने के मूल्य में हुए उतार-चढ़ाव के प्रभाव को दशार्ती है।

स्वर्ण भंडार के मूल्य में भी आई गिरावट

आरबीआई के आंकड़ों के अनुसार, इस दौरान केवल विदेशी मुद्रा संपत्तियों में ही नहीं, बल्कि स्वर्ण भंडार के मूल्य में भी गिरावट आई है। समीक्षाधीन सप्ताह में स्वर्ण भंडार का मूल्य 977 मिलियन डॉलर घटकर 127.489 अरब डॉलर रह गया है। स्पेशल ड्रॉइंग राइट्स 84 मिलियन डॉलर की कमी के साथ 18.84 अरब डॉलर पर आ गए हैं। इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास भारत की आरक्षित स्थिति भी 18 मिलियन डॉलर घटकर 4.716 अरब डॉलर रह गई है।

शेयर बाजार में जबरदस्त गिरावट

हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को शेयर बाजार बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ। बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में एक प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट हुई। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 961.42 अंक या 1.17 प्रतिशत गिरकर 81,287.19 पर बंद हुआ। दिन के दौरान इसमें 1,089.46 अंक या 1.32 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 81,159.15 पर पहुंचा।

50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 317.90 अंक या 1.25 प्रतिशत गिरकर 25,178.65 पर बंद हुआ। इस गिरावट के साथ शुक्रवार को निवेशकों की संपत्ति में 4.98 लाख करोड़ रुपये की कमी आई। बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण एक ही दिन में 4,98,603.42 करोड़ रुपये घटकर 4,63,50,671.27 करोड़ रुपये (5.10 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर) हो गया।