हिमाचल में भाजपा कोविड की संभावित तीसरी लहर से लड़ने के लिए तैयार: कश्यप

0
523
suresh kashyap
suresh kashyap

हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य स्वयंसेवक अभियान का बटन दबाकर किया शुभारंभ

हिमाचल में 7792 बूथों पर 21 हजार स्वास्थ्य स्वयंसेवक तैयार करेगी भाजपा

आज समाज डिजिटल
शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कोविड-19 की प्रथम एवं द्वितीय वेव में धरातल पर अच्छा कार्य किया और जनसेवा का बड़ा उदाहरण पेश किया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से भाजपा ने सेवा ही संगठन भाग एक एवं दो में कार्य किया, यह देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की दूरगामी सोच का एक विराट स्वरूप था। वे प्रदेश भाजपा राष्ट्रीय स्वास्थ्य स्वयंसेवक अभियान एवं प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ अवसर पर संबोधित कर रहे थे। बैठक में अभियान के राष्ट्रीय संयोजक डॉ. राजीव बिंदल, प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल एवं अभियान के प्रदेश संयोजक वीरेंद्र, डॉ. एसके सबलोक, संजय सूद, उमेश दत्त, सुशील राठौर उपस्थित रहे।
सुरेश कश्यप ने कहा कि केंद्र सरकार ने जनसेवा के अनेक उदाहरण स्थापित किए हैं। 1,70,000 करोड़ का गरीब कल्याण पैकेज की घोषणा एवं एन-95 मास्क, वेंटिलेटर एवं पीपीई किट को भारत में बनाना और निर्यात करना, 9 महीने के कम समय में कोविड-19 वैक्सीन को लाना और दूसरे देशों को भी भेजना यह अपनेआप में एक ऐतिहासिक था। उन्होंने कहा कि दुनिया में पहली बार ऐसा हुआ कि वायुमार्ग से, रेलमार्ग से, सड़क मार्ग से व जलमार्ग से आॅक्सीजन देशभर में पहुंचाई गई। देश के गरीबों को 80 करोड़ देशवासियों को 5 किलो अनाज लगातार उपलब्ध कराया, किसानों के खाते में 2-2 हजार रुपए चार बार डाले गए, रोजगार सृजन के लिए लगातार पैकेज दिए गए।
कश्यप ने कहा कि टीकाकरण अभियान के चलते भाजपा कार्यकर्ताओं ने जनता को प्रेरित किया और आज भारत में दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहा है। आज देश में 50 करोड़ से अधिक टीके लग चुके हैं और प्रदेश 54 लाख से अधिक टीके लगाकर पूरे देशभर में हिमाचल प्रथम स्थान पर चल रहा है और हिमाचल में वैक्सीन की मिनिमम वेस्टेज है। उन्होंने कहा कि 4 अगस्त को पूरे देश में 1 दिन में 62 लाख से अधिक टीके लगे और केंद्र सरकार ने स्वास्थ्य पैकेज में 137 प्रतिशत की वृद्धि की, जोकि अपने आप में ऐतिहासिक है।
वहीं उन्होंने डॉ. राजीव बिंदल इस सफल आयोजन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भाजपा प्रत्येक बूथ पर 3 कार्यकर्ताओं को इस कार्यक्रम की दृष्टि से नियुक्त करेगी, जिसमें एक युवा एक महिला और एक पैरामेडिकल डॉक्टर होंगे। हिमाचल में 7792 बूथ हैं, जिस पर भाजपा 21000 कार्यकर्ता खड़े करने जा रहा है। उन्होंने कहा भाजपा कोविड-19 की तीसरी वेव की चुनौती के लिए पूरी तरह से तैयार है और इस कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश अग्रिम भूमिका निभाएगा।
बिंदल ने कार्यक्रम की रखी रूपरेखा
अभियान के राष्ट्रीय संयोजक डॉ. राजीव बिंदल ने कार्यक्रम की रूपरेखा सभी स्वयंसेवकों के सामने रखी। उन्होंने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने इस कार्यक्रम का शुभारंभ दिल्ली से 28 जुलाई को किया। इस प्रशिक्षण शिविर में डॉ. बिन्दल ने भी प्रशिक्षण दिया और 6 राज्यों के प्रवास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने लक्ष्य रखा है कि देशभर में चार लाख स्वास्थ्य स्वयंसेवक बनाए जाएंगे, जिन्हें विशेष प्रकार का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस प्रशिक्षण के पांच महत्वपूर्ण भाग हैं। आज के इस प्रशिक्षण शिविर में 16 संगठनात्मक जिलों के 48 प्रशिक्षुओं ने भाग लिया, जिन्हें जिला स्तर पर 16 अगस्त से पूर्व व मंडल स्तर पर 30 अगस्त से पूर्व प्रशिक्षण देना होगा। प्रशिक्षण के दौरान सभी को एक किट दी गई जिसमें आॅक्सीमीटर, थर्मल स्कैनर तथा प्रशिक्षण का सारा सामान था।  
SHARE