भाजपा-जजपा की निकाय चुनाव में डगर अलग

0
422
BJP-JJP's Path Differs in Civic Elections
BJP-JJP's Path Differs in Civic Elections

आज समाज डिजिटल, Haryana News: अब भाजपा ने हरियाणा में निकाय चुनाव अकेले लड़ने का फैसला किया है। ये घोषणा भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने की। उन्होंने कहा कि ये चुनाव भाजपा अपने स्तर पर लड़ेगी। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में भाजपा और जजपा का गठबंधन है। इन चुनाव में अलग-अलग लड़ने के मायने भी अलग-अलग लिए जा रहे हैं। धनखड़ का कहना है कि भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी के अधिकतर सदस्यों ने बिना गठबंधन चुनाव लड़ने का सुझाव दिया है। नगर परिषद का चुनाव सिंबल पर लड़ने का ऐलान किया है।

ये चुनाव संभालेगी पांच सदस्यीय कमेटी

नगर पालिका स्तरीय चुनाव 5 सदस्यीय कमेटी को सौंपने का फैसला लिया है। चुनाव समिति की बैठक में निकाय चुनावों को लेकर मंथन किया गया। निकाय चुनावों को लेकर अंतिम फैसला एक जून को होगा। बता दें कि हरियाणा में भाजपा जननायक जनता पार्टी (जजपा) के सहयोग से सरकार चला रही है। भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक में दूसरे दिन प्रदेश के सीएम मनोहरलाल, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओपी धनखड़, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, गृहमंत्री अनिल विज, कृषि मंत्री जेपी दलाल, खेल मंत्री संदीप सिंह, शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर, शहरी निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, महिला एवं बाल विकास मंत्री कमलेश ढांडा सहित सभी सांसद, विधायक शामिल हुए।

इस बैठक में गिनाईं उपलब्धियां

दो दिवसीय बैठक में केंद्र सरकार की 8 साल की उपलब्धियों को रखा गया। बैठक में शहरी निकाय चुनाव को लेकर सबसे बड़ा मुद्दा रहा। इसमें प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्यों से सुझाव लिए गए। अधिकतर लोगों ने बिना गठबंधन चुनाव लड़ने का समर्थन किया। पूर्व शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा ने कहा कि जहां जजपा के विधायक हों वहां जजपा को मौका दिया जाए। अन्य सभी स्थानों पर भाजपा मजबूती से लड़े। करीब तीस से अधिक लोगों ने अपने सुझाव दिए। जिसमें अधिकतर ने बिना गठबंधन के चुनाव लड़ने का सुझाव रखा।

भाजपा के नगर निकाय चुनाव पर्यवेक्षक

पंचकूला घनश्याम दास अरोड़ा
अंबाला वेदपाल एडवोकेट
यमुनानगर डॉ. संजय शर्मा
कुरुक्षेत्र मोहनालाल कौशिक
कैथल कंवरपाल गुर्जर
करनाल मूलचंद शर्मा
पानीपत भगवानदास कबीरपंथी
सोनीपत कैप्टन अभिमन्यु
रोहतक – धूमन सिंह
जींद जेपी दलाल
फतेहाबाद मनीष ग्रोवर
हिसार डॉ. पवन सैनी
सिरसा बनवारीलाल
भिवानी नायब सैनी
दादरी सुधा यादव
महेंद्रगढ़ डॉ. कमल गुप्ता
रेवाड़ी- रविंद्र राजू
झज्जर – महीपाल ढांडा
गुरुग्राम अरविंद यादव
पलवल संतोष यादव
नूहं सुभाष बराला

ये कमेटी तय करेगी सिंबल पर लड़ें या नहीं

निकाय चुनाव सिंबल पर लड़े जाएं या नहीं यह हर एक निकाय की कमेटी तय करेगी। निकाय स्तर पर पांच सदस्यीय कमेटी बनाई जाएगी। जिसमें जिला प्रभारी, जिला अध्यक्ष, कमेटी का चुनाव प्रभारी, प्रदेश की ओर से तय पर्यवेक्षक, स्थानीय विधायक या 2019 में विधायक का चुनाव लड़ने वाला प्रत्याशी सदस्य होंगे। यह 5 सदस्यीय कमेटी जो फैसला लेगी उसे केंद्रीय चुनाव समिति अपनी हरी झंडी देगी।

ये भी पढ़ें : आय से अधिक संपत्ति मामले में चौटाला दोषी करार, 26 को सजा पर होगी बहस

ये भी पढ़ें : टीजीटी-पीजीटी के 5500 पदों पर भर्ती जल्द: मनोहर लाल

SHARE