- बिना पर्ची व खर्ची के नौकरी, ऑनलाइन ट्रांसफर व लाल डोरा ख़त्म मनोहरलाल ने किया : सांसद
- पहलगाम, पानी व जातिगत जनगणना पर बोले भाजपा सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह
(Bhiwani News) भिवानी। भिवानी पहुंचे भाजपा सांसद ने केंद्रीय मंत्री मनोहरलाल को जन्मदिन की बधाई देकर पहलगाम आतंकी हमले व जातिगत जनगणना को लेकर कांग्रेस की खिंचाई की। वहीं पानी रोकने पर पंजाब सीएम भगवंत मान अलगाववादी सोच का सीएम कह डाला।
बता दें कि भिवानी महेन्द्रगढ़ लोकसभा से भाजपा सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह रविवार को भिवानी में अपने आवास पर लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर फोन कर समाधान के निर्देश दिए। वहीं मीडिया से बातचीत में पूर्व सीएम मनोहरलाल को जन्मदिन की बधाई देकर कांग्रेस व पंजाब सीएम की खिंचाई की। सबसे पहले सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने पूर्व सीएम एवं केन्द्रीय मंत्री मनोहरलाल को जन्मदिन की बधाई दी।
गांवों की ज़मीन को लाल डोरा मुक्त किया
उन्होंने कहा कि मनोहरलाल ने अपने कार्यकाल में जो बिना पर्ची व खर्ची के नौकरी दी, ऑनलाइन ट्रांसफर किए और गांवों की ज़मीन को लाल डोरा मुक्त किया, वो काम आज पूरे देश में बोलते हैं। इसके बाद इन्होंने पहलगाम में आतंकी हमले पर कहा कि इस पर सही समय आने पर सभी की सहमति से सही फैसला लिया जाएगा। साथ ही कहा कि हमें चिंता करने की ज़रूरत नहीं। देश पीएम मोदी के हाथों में सुरक्षित है।
वहीं पंजाब द्वारा हरियाणा का पानी रोकने पर सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि दुर्भाग्य से केजरीवाल के इशारे पर भगवंत मान को पंजाब की गद्दी पर बैठा दिया। इन्होंने कहा कि इन्हें देश की सुरक्षा की चिंता नहीं। ये कभी नहर को पाट देते हैं तो कभी पानी को लेकर दिए सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ विधानसभा में प्रस्ताव पास कर देते हैं। सांसद ने कहा कि ये अलगाववाद की सोच के चलते पंजाब को देश से अलग करना चाहते हैं। साथ ही कहा कि केन्द्र सरकार को अब पानी के मैटर को स्टेट की बजाय सेंटर का मैटर बनाना चाहिए।
इशारों ही इशारों में 11 साल से हो रही हार पर कांग्रेस को बधाई दी
इसके साथ ही देश में जातिगत जनगणना करवाने के फ़ैसले पर सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने कहा कि ये कोविड के समय 2021 में जनगणना नहीं हो पाई। ऐसे में अब केन्द्र ने सभी पार्टियों की मांग पर उनकी सहमति से जातिगत जनगणना कराने का फैसला लिया है। वहीं कांग्रेस द्वारा इसे अपनी जीत बताने पर सांसद ने चुटकी ली और कहा कि भगवान कांग्रेस को 11 साल से जो जीत मिल रही हो वो बार बार दे। उन्होंने इशारों ही इशारों में 11 साल से हो रही हार पर कांग्रेस को बधाई दी।
यह भी पढ़ें : Jind News : जींद के सफीदों में मेडिकल स्टोर सील, संचालक पर केस दर्ज