Anil Vij: अनिल विज ने एक्स से मिनिस्टर शब्द हटाया

0
91
Anil Vij: अनिल विज ने एक्स से मिनिस्टर शब्द हटाया
Anil Vij: अनिल विज ने एक्स से मिनिस्टर शब्द हटाया

राजनीतिक गलियारों में मची खलबली
Anil Vij, (आज समाज), अंबाला: हरियाणा के अंबाला से विधायक और प्रदेश सरकार में बिजली, परिवहन और श्रम मंत्रालय का जिम्मा संभाल रहे अनिल विज ने अपने एक्स पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर नाम के आगे से मिनिस्टर शब्द हटा दिया है। विज के एक्स अकाउंट पर यह बदलाव बुधवार रात करीब साढ़े 11 बजे हुआ है। पहले विज ने एक्स पर अपने नाम के साथ मिनिस्टर हरियाणा, इंडिया लिखा हुआ था।

विज ने नाम के आगे से मिनिस्टर शब्द हटाकर राजनीतिक गलियारों में खलबली मचा दी है। अब उनके नाम के साथ केवल अंबाला कैंट, हरियाणा लिखा हुआ दिख रहा है। इस बदलाव की वजह क्या है। फिलहाल इस बारे में खुलासा नहीं हो पाया है।

आशीष तायल की सीएम नायब सैनी से मुलाकात के बाद बढ़ी नाराजगी

सूत्रों के मुताबिक, पिछले कुछ समय से विज की नाराजगी बढ़ी है। इसकी कई वजह हैं। ताजा वजह है भाजपा के पूर्व कोषाध्यक्ष आशीष तायल की सीएम नायब सैनी से मुलाकात। 11 सितंबर को आशीष तायल अंबाला कैंट के इंडस्ट्रियल एरिया के उद्योगपतियों के प्रतिनिधिमंडल को लेकर चंडीगढ़ में सीएम नायब सैनी से मिले थे। तायल ने मुलाकात के फोटो भी सोशल मीडिया पर शेयर किए थे। इसके बाद 12 सितंबर को ही अनिल विज ने अपने एक्स अकाउंट पर अंबाला में समानांतर भाजपा चलाने वाली टिप्पणी की।

विज ने गद्दार का ठप्पा लगा तायल की फोटो सोशल मीडिया पर की थी शेयर

तायल वही पूर्व भाजपाई हैं, जिनकी विज ने सीएम नायब सैनी के साथ फोटो सोशल मीडिया पर शेयर कर गद्दार का ठप्पा लगाया था। इस ताजा विवाद पर आशीष तायल ने कहा था कि मैं तो सिर्फ एक उद्योगपतियों के डेलीगेशन के साथ सीएम से मुलाकात करने चंडीगढ़ गया था।

अंबाला छावनी के इंडस्ट्रियल एरिया में पानी की निकासी और आगे पानी न आए, इसे लेकर हमने सीएम को ज्ञापन दिया है। मुझे इस बारे में जानकारी नहीं कि विज की पोस्ट का इशारा किसकी ओर है।

सीएम और प्रदेशाध्यक्ष के खिलाफ कर चुके बयानबाजी

भाजपा ने सीएम नायब सैनी और प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली के खिलाफ बयानबाजी करने पर विज को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इसमें 3 दिन में जवाब मांगा गया था। इसके बाद उन्होंने 8 पन्ने में अपना जवाब भेजा था। हालांकि, उसके बाद विज और बड़ौली, दोनों ने इस पूरे मामले को लेकर सार्वजनिक तौर पर कुछ नहीं कहा।