Aaj Ka Mausam 16 February 2024: उत्तर भारत में फिर बदलेगा मौसम, पहाड़ों में बारिश व बर्फबारी के आसार

0
142
Aaj Ka Mausam 16 February 2024
उत्तर भारत में फिर बदलेगा मौसम, पहाड़ों में बारिश व बर्फबारी के आसार।

Aaj Samaj (आज समाज), Aaj Ka Mausam 16 February 2024, नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर के अलावा हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में कहीं आज तो कहीं कल से मौसम बदलने का अनुमान है। मौसम में बदलाव के चलते उत्तर भारत के पहाड़ों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

पश्चिमी विक्षोभ का असर, आरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते आज देर रात से मौसम में बदलाव का अनुमान है। इसके चलते समूचे उत्तर भारत में आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जम्मू-कश्मीर व लद्दाख के कई हिस्सों, हिमाचल प्रदेश में कई स्थानों व उत्तराखंड में भी तेज बारिश के साथ भारी बर्फबारी होने के आसार हैं। लद्दाख और कश्मीर के ऊपरी हिस्से में होने वाली बर्फबारी को लेकर स्थानीय प्रशासन और अन्य विभागों को भी अलर्ट जारी किया गया है।

चंडीगढ़, पंजाब व हरियाणा की स्थिति

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि चंडीगढ़ समेत हरियाणा के कुछ हिस्सों में 18 और 19 फरवरी को तेज बारिश तो कहीं पर तूफान व ओले गिरने की संभावना है। इस दौरान इलाके में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज हो सकती है। हरियाणा और चंडीगढ़ के अलावा पंजाब में भी तेज बारिश का अनुमान लगाया जा रहा है। वैज्ञानिकों के मुताबिक पंजाब में रविवार रात से सोमवार दिन में तेज बारिश हो सकती है।

हिमाचल और उत्तराखंड में इस दिन बर्फबारी

मौसम विभाग के मुताबिक हिमाचल प्रदेश में 18 और 19 फरवरी को तेज बारिश और बर्फबारी का मौसम बन रहा है। इस दौरान हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में न सिर्फ तेज बारिश, बल्कि ओलावृष्टि का अनुमान है। पिछले। दिनों पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के दौरान हिमाचल के जिन इलाकों में बर्फबारी हुई थी, वहां पर एक बार फिर से तेज बर्फबारी हो सकती है। इसी के साथ उत्तराखंड में भी 19 फरवरी को तेज बर्फबारी और बारिश का अनुमान लगाया गया है।

17 फरवरी की देर शाम से बढ़ेगी सक्रियता, मैदानी इलाकों में भी होगा असर : महापात्रा

भारतीय मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने बताया कि 17 फरवरी की देर शाम से एक बार फिर उत्तर पश्चिमी हिमालयन रीजन में वेस्टर्न डिस्टरबेंस की सक्रियता बढ़ने वाली है। इसका असर सिर्फ उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों पर ही नहीं बल्कि मैदानी इलाकों में भी पड़ने वाला है। मैदानी इलाकों में जहां बारिश हो सकती है, वहीं पहाड़ी इलाकों पर बर्फबारी के साथ निचले हिस्से में ओलावृष्टि का अनुमान लगाया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक यह सक्रियता तीन से चार दिनों तक बनी रह सकती है। वह कहते हैं कि शुक्रवार रात से अगले तीन-चार दिनों तक पहाड़ी और मैदानी इलाकों में मौसम बदला रह सकता है। विभाग के वैज्ञानिकों ने बदले मौसम की आहट पर उत्तर भारत के सभी राज्यों में आॅरेंज अलर्ट भी जारी कर दिया है।

यह भी पढ़ें:

Connect With Us: Twitter Facebook

SHARE