गृह विभाग में 20,839 पोस्ट खाली, सबसे ज्यादा कांस्टेबल के 13 हजार पद खाली

0
287

-एडीशनल एसपी, महिला व पुरुष इंस्पेक्टर के पद भी खाली
डॉ. रविंद्र मलिक, चंडीगढ़:
किसी भी राज्य में गृह विभाग बेहद अहम होता है। विभाग को राज्य में लॉ एंड आॅर्डर की जिम्मेदारी भी संभालनी होती ही है, साथ में वीवीआईपी वीआईपी की सुरक्षा का जिम्मा भी उनके पास होता है। ऐसे में समझना आसान है कि विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों का उत्तरदायित्व कितना महत्वपूर्ण है। 23 अगस्त को हरियाणा विधानसभा में इस बारे में आंकड़े प्रस्तुत किए गए, जिसमें सामने आया है कि होम विभाग में कुल में से करीब 30 फीसदी पद खाली हैं। इनमें आईपीएस, डीएसपी, इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर, असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर, हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल कैटेगरी में पद खाली हैं। इन कैटेगरी में कुल 71,069 पोस्ट हैं, जिनमें से 50,230 भरी हैं और 20839 खाली हैं। इसके अलावा मिनिस्ट्रीयल स्टाफ के पद भी हैं, जिनमें से करीब 30 फीसदी खाली हैं। वहीं ये भी बता दें कि सरकार ने करीब 9 हजार पद भरने के लिए संबंधित एजेंसी को लिखा है।
आईपीएस और एडीशनल एसपी के 41 पद भी खाली
जानकारी के अनुसार आईपीएस के पद भी खाली हैं। प्रदेश में इस कैडर में 144 पद स्वीकृत हैं और इनमें से 109 पर अधिकारी तैनात हैं। इनमें से 35 पद खाली हैं। पुलिस विभाग में आईपीएस सबसे सीनियर अधिकारी होता है। इसके अलावा एडिशनल एसपी रैंक के कुल 35 पद स्वीकृत हैं। इनमें से 29 पद भरे हैं और बाकी 6 खाली हैं।
डीएसपी की 61, इंस्पेक्टर की 234 पोस्ट खाली
किसी भी जिले में डीएसपी और इंस्पेक्टर की भी बड़ी जिम्मेदारी होती है। आईपीएस रैंक के बाद इससे नीचे डीएसपी आता है जो कि एक एचसीएच कैडर का अधिकारी होता है। प्रदेश में डीसी की कुल 329 पोस्ट सेकशंड हैं, जिनमें 268 पद भरे हैं और 61 पद खाली हैं। वहीं इंस्पेक्टर की दो महिला व पुरुष कैटेगरी हैं। पुरुष कैटेगरी में 1076 पद हैं जिनमें से 847 भरे हैं और 229 खाली हैं। वहीं महिला कैटेगरी में 84 पद हैं, जिनमें से 79 भरे हुए हैं और 5 खाली हैं। सब इंस्पेक्टर वर्ग में पुरुष कैटेगरी वर्ग में 3045 पदों में से 2053 भरे हैं और 992 खाली हैं। महिला सब इंस्पेक्टर की बात करें तो कुल 276 पद हैं, जिनमें से 210 पद भरे हैं और इनमें से 66 खाली हैं। वहीं 5310 असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर की बात करें तो पुरुष वर्ग में 3862 पद भरे हैं और 1448 रिक्त हैं। महिला सब इंस्पेक्टर वर्ग में 543 पदों में से 519 भरे हैं और 24 खाली हैं।
प्रदेश में सबसे ज्यादा पद कांस्टेबल कैटेगरी में खाली
प्रदेश में सबसे ज्यादा पद कांस्टेबल कैटेगरी में खाली हैं। प्रदेश में इस वर्ग में कुल 43707 पद स्वीकृत हैं। इनमें से 31047 भरे हैं जबकि बचे हुए 12659 पद खाली हैं। वहीं आंकड़े हैं पुरुष कैटेगरी के। महिला वर्ग की बात करें तो कांस्टेबल के कुल 4138 पद हैं जिनमें से 2866 पोस्ट भरी हुई हैं तो इनमें से 1272 पद भरे हुए हैं। हेड कांस्टेबल वर्ग में पुरुष कैटेगरी में कुल 11466 पद हैं। इनमें से 7673 पद पर कर्मचारी तैनात हैं तो बाकी 7673 पद रिक्त हैं। वहीं महिला हेड कांस्टेबल की बात करें तो 917 पदों में से 668 पर उनकी तैनाती है और बाकी 249 पद खाली हैं।
मिनिस्ट्रीयल स्टाफ में 208 पोस्ट वैकेंट
उपरोक्त के अळावा विभाग में मिनिस्ट्रीयल कैटेगरी के भी पद हैं जिनके जिम्मे प्रशासनिक काम होता है। इस विंग के कुल 682 पद हैं, जिनमें से 208 पद खाली हैं। इस कैटेगरी में सबसे ज्यादा क्लर्क के पद हैं जिनमें 313 पद हैं और इनमें से 257 भरे हैं। इनके 56 पद खाली हैं। इसके बाद असिस्टेंट के पद सबसे ज्यादा हैं। इस वर्ग में कुल 171 पद हैं, जिनमें 133 पद भरे हैं और बाकी 38 पद खाली हैं। सीनियर स्कैल स्टेनोग्राफर के 68 पद में से 15 ही भरे हैं, 53 पद खाली हैं। इसके अलावा सुपरिंटेंडेंट, स्टेनो टाइपिस्ट और पीएस के भी पद हैं।
विभाग में ग्रुप डी में खाली हैं 1441 पद
विभाग में डी ग्रुप के भी पद हैं। इस वर्ग में कुल 3998 पद हैं जिनमें से 2457 पद भरे हैं और बाकी 1441 खाली हैं। ग्रुप डी में करीब 40 वर्ग में अलग-अलग नेचर की पोस्ट हैं। इनमें सबसे ज्यादा कुक की पोस्ट हैं और कुल 1155 पदों में से 368 पद खाली हैं। 787 पद भरे हुए हैं। वहीं स्वीपर के 819 पदों में से 522 खाली हैं। इसके अलावा वाटर कैरियर के 780 में से 568 पद भरे हैं, बाकी 212 भरे हैं। धोबी के 247 में से 167 पद भरे हैं और 80 रिक्त हैं। नाई के 183 पदों में से 112 भरे हैं और 71 खाली हैं। उपरोक्त के अलावा विभाग में पेंटर, मोची, चपड़ासी, अटैंडेंट, सेवादार, दफ्तरी, पलंबर और इलेक्ट्रीशियन के भी पद हैं और ज्यादातर कैटेगरी में बड़ी संख्या में पद भरे जाने हैं।
डीएसपी, सब इंस्पेक्टर और कांस्टेबल के पद भरने के लिए लिखा
वहीं खाली पद भरने को लेकर प्रदेश सरकार ने संबंधित एजेंसी को लिखा है। डीएसपी के 7 पद भरने के लिखा गया है। इसके अलावा पुरुष सब इंस्पेक्टर के 400 पद भरे जाने हैं तो महिला वर्ग में इस कैटेगरी के 65 पदों को भरने के लिए लिखा है। पुरुष कांस्टेबल के 5500 पदों पर भर्ती होनी है तो महिला वर्ग में 1100 पद भरे जाने हैं। वहीं ग्रुप डी में 500 पदों पर नियुक्ति के लिए लिखा है। एचएपी दुर्गा-1 में 698 पदों को भरे जाने के लिए लिखा है। वहीं कांस्टेबल पुरुष वर्ग ( कमांडो विंग) में 520 पदों को भरने के लिए रिकमेंडेशन भेजी है। ये भी बता दें कि गत दिनों पुलिस कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा हुई थी और इसका पेपर लीक होने के चलते सरकार द्वारा रद कर दिया गया था।

SHARE