यमुनानगर : नगर निगम ने पुलिस बल के साथ उठाई मछली मार्केट

0
499
yamunanagar
yamunanagar

प्रभजीत सिंह (लक्की), यमुनानगर :
पाबंदी के बावजूद जगाधरी में नैशनल हाइवे किनारे फिर से लगी मछली मार्केट को नगर निगम की टीम ने उठा दिया। पुलिस बल की मौजूदगी में निगम सीएसआई हरजीत सिंह व सेनेटरी इंस्पेक्टर अमित कांबोज के नेतृत्व में बनी टीम ने कार्रवाई की। निगम अधिकारियों ने मछली विक्रेताओं को चेतावनी दी कि यदि दोबारा यहां मछली की फड़ियां लगाई तो उन्हें उठाकर पश्चिमी यमुना नहर में डाला जाएगा। बता दें कि बीते साल नगर निगम की टीम ने यहां ने मछली मार्कीट को उठाया था। इसके बाद कई महीने तक यहां मछली मार्कीट नहीं लगी। फिर कोरोना महामारी के चलते लाकडाउन लग गया।

लाकडाउन में ढील होने पर फिर यहां पर मछली विक्रेताओं ने फड़ी लगाकर मछलियां बेचना शुरू कर दिया। नगर निगम टीम ने यहां मछली विक्रेताओं की फड़ियों को उठाकर उनका सामान जब्त कर लिया। हालांकि कुछ मछली विक्रेताओं ने विरोध किया लेकिन पुलिस कर्मी साथ होने पर विक्रेताओं का विरोध नहीं चल सका। निगम अधिकारियों ने मछली विक्रेताओं को चेतावनी दी कि अब अगर किसी ने भी यहां पर फड़ी लगाई तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। सेनेटरी इंस्पेक्टर हरजीत सिंह ने बताया कि मछली विक्रेताओं को कई बार यहां फड़ी न लगाने को लेकर समझाया गया। इसके लिए सख्ती से फड़ियों को उठाया भी गया लेकिन अब फिर से मछली विक्रेताओं ने फड़ियां लगाना शुरू कर दिया। अब नगर निगम इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा है।

SHARE