यमुनानगर : हर वीरवार को सार्वजनिक स्थानों पर की जाएगी सफाई, सौ दिन लगातार हर वार्ड को किया जाएगा साफ

0
296
MC Ajay Singh Tomar, Yamunanagar
MC Ajay Singh Tomar, Yamunanagar

प्रभजीत सिंह (लक्की), यमुनानगर :

शहर की सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने को नगर निगम गंभीर है। निगम की ओर से जहां हर शनिवार को विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। वहीं अब नगर निगम 22 जुलाई से विशेष सफाई अभियान 100 दिन स्वच्छता की शुरूआत करने जा रहा है। इस विशेष सफाई अभियान का शुभारंभ 22 जुलाई की सुबह 6.30 बजे माडल टाउन के नेहरू पार्क से किया जाएगा। नगर निगम आयुक्त अजय सिंह तोमर (आईएएस) ने बताया कि नगर निगम का यह विशेष सफाई अभियान लगातार 100 दिन चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत सप्ताह के हर वीरवार को शहर के सार्वजनिक स्थानों पर गहनता से सफाई की जाएगी। यह अभियान यमुनानगर व जगाधरी बस स्टैंड, लघु सचिवालय, यमुनानगर व जगाधरी सिविल अस्पताल, रेलवे स्टेशन समेत अन्य सार्वजनिक स्थानों पर चलाया जाएगा। इस दौरान निगम की एक विशेष टीम वहां पर कोने कोने की सफाई करेंगे। इसके अलावा लगातार 100 दिन तक हर रोज दोपहर बाद दो बजे से पांच बजे तक निगम के हर वार्ड में स्थान चिन्हित कर सफाई की जाएगी। इसके लिए ऐसे स्थानों का चिन्हित किया जाएगा, जहां सफाई कम होती है और गंदगी अधिक है।

निगमायुक्त अजय सिंह तोमर (आईएएस) ने बताया कि हमारा शहर साफ व सुंदर बने। इसके लिए हम लगातार बेहतर प्रयास कर रहे है। इस अभियान के तहत शहर में विभिन्न प्रकार की और भी गतिविधियां जैसे पौधारोपण, रात्रि सफाई, नालों व नालियों की सफाई, बड़े सार्वजनिक स्थानों की सफाई समेत अन्य गतिविधियां चलाई जाएंगी। इनके अलावा शहरवासियों को सफाई व स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके लिए विभिन्न संस्थाओं की मदद से जागरूकता रैली, स्कूली बच्चों के माध्यम से स्वच्छता पर निबन लेखन व अन्य स्वच्छता संबंधित प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। वाल पेंटिंग, होर्डिंग व पोस्टर के माध्यम से भी शहरवासियों को स्वच्छता व सफाई के प्रति जागरूक किया जाएगा। निगमायुक्त अजय सिंह तोमर ने कहा कि नगर निगम शहर को साफ व स्वच्छ बनाने के लिए अनेक कार्य कर रहा है।

SHARE