यमुनानगर : 25 सितम्बर को चौधरी देवीलाल जयंती

0
302

प्रभजीत सिंह लक्की, यमुनानगर :
इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला रिहाई के बाद फिर से फील्ड में उतरने वाले हैं। वह हरियाणा के सभी 22 जिलों का दौरा करेंगे।  एक दिन में वह 2 जिलों में कार्यकर्ताओं से रूबरू होंगे। इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय प्रवक्ता अश्विनी  दत्ता ने बताया कि उनके कार्यक्रमों के लिए कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगा दी गई हैं। अश्विनी दत्ता स्वयं पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सतवीर सैनी के साथ पूरे हरियाणा का दौरा कर चुके हैं। अश्विनी  दत्ता ने बताया कि कार्यकर्ताओं में इनेलो सुप्रीमो से मिलने के लिए भारी उत्साह है।

अश्विनी  दत्ता ने बताया कि रिहाई के बाद पहली बार सार्वजनिक रूप से जहां पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और जनता से रूबरू होकर भाजपा सरकार द्वारा किसानों पर थोपे गए काले कृषि कानूनों, बेतहाशा बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था और पैट्रोल-डीजल के आसमान छूते दाम और किसानों को उनकी फसलों के उचित दाम न मिलने, करनाल में किसानो पर लाठीचार्ज जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा करेंगे, वही ताऊ देवी लाल के जन्मदिवस पर जींद में होने वाली रैली के लिए भी न्योता देंगे। उन्होने कहा कि आज देश और प्रदेश का हर वर्ग महंगाई से त्रस्त है और रोजी-रोटी के लिए तरस रहा है।

प्याज-आलू समेत सब्जियों, दालों और खाद्य तेल के दाम आसमान को छू रहे हैं लेकिन सरकार है कि जनता के दुख-दर्द को समझने के बजाय सत्ता के नशे में चूर आंखें मूंदे बैठी है। प्रदेश की गठबंधन सरकार की गलत नीतियों के कारण आज किसान, मजदूर, व्यापारी और अन्य जरूरतमंद तबका मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। उन्होंने कहा की कितने आश्चर्य की बात है कि हमारे पड़ोसी देशों में पेट्रोल और डीजल के भाव भारत में पेट्रोल डीजल के भाव से बहुत नीचे हैं। जबकि भारत में पेट्रोल 100 से अधिक प्रति लीटर बिक रहा है। उन्होने बताया कि एक सितम्बर को सिरसा और फतेहाबाद जिलों से कार्यक्रमों की शुरुआत होगी।

उसके बाद 2 सितम्बर को हिसार और जींद, 3 सितम्बर को कैथल और अंबाला, 4 सितम्बर को पंचकुला और यमुनानगर, 5 सितम्बर को कुरूक्षेत्र और करनाल, 6 सितम्बर को पानीपत और सोनीपत, 8 सितम्बर को फरीदाबाद और पलवल, 9 सितम्बर को नूहं और गुरुग्राम, 10 सितम्बर को रोहतक और झज्जर, 11 सितम्बर को रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ और 12 सितम्बर को दादरी और भिवानी जिलों में कार्यकर्ताओं से रूबरू होंगे।इनेलो के राष्ट्रीय प्रवक्ता अश्विनी दत्ता ने बताया की 25 सितंबर को चौधरी देवी लाल की जयंती जींद में मनाई जाएगी, जिसमें चौधरी देवी लाल व चौधरी ओमप्रकाश चौटाला के पारिवारिक मित्र रहे कई दलों के वरिष्ठ नेता भाग लेंगे।

SHARE