दक्षिणी कैलिफोर्निया स्थित मोजावे रेगिस्तान में हुआ हादसा, उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद विमान नीचे गिरा
US Bomber Crashes (आज समाज), कैलिफोर्निया : अमेरिका के दक्षिणी कैलिफोर्निया में हुए एक हादसे में बी-52 स्ट्रैटोफोर्ट्रेस अमेरिकी बमवर्षक विमान उड़ान भरने के बाद ही नीचे गिर गया। जिससे इसमें आठ लोगों की मौत हो गई। इस संबंध में जानकारी देते हुए अमेरिकी सेना ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर बताया कि विमान सुबह करीब 11:20 बजे एडवर्ड्स वायुसेना अड्डे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसके बाद आपातकालीन राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गए।
लॉस एंजिलिस के उत्तर में स्थित एडवर्ड्स एयर फोर्स बेस ने सोशल मीडिया पर कहा कि प्रारंभिक संकेत बताते हैं कि इस दुर्घटना में जीवित बचना संभव नहीं था। इसलिए यह माना जा रहा है कि विमान में सवार सभी आठ लोगों की मौत हो चुकी है। अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
टेकआॅफ के तुरंत बाद हुआ हादसे का शिकार
मोजावे रेगिस्तान में स्थित एक वायुसेना अड्डे पर बी-52 स्ट्रैटोफोर्ट्रेस बमवर्षक विमान उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि विमान ने एयरबेस से उड़ान भरी थी, लेकिन टेकआॅफ के तुरंत बाद वह दुर्घटना का शिकार हो गया।
चालक दल के सदस्यों के बारे में अभी कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है, हालांकि हवाई दृश्यों में विमान का मलबा लगभग पूरी तरह नष्ट दिखाई दिया। दुर्घटनाग्रस्त के बाद वायुसेना के अड्डे के एक रनवे के निकट रेगिस्तानी क्षेत्र में आग लगने से काला धुआं उठता दिखाई दिया और आसपास कई आपातकालीन वाहन तैनात थे। सेना ने यह नहीं बताया है कि बमवर्षक विमान हथियारों से लैस था या नहीं।
विमानों और हथियार प्रणालियों की होती है जांच
इस बेस का संचालन करने वाला 412वां टेस्ट विंग वायुसेना के सभी विमानों, हथियार प्रणालियों, सॉफ्टवेयर और अन्य उपकरणों का खरीद से पहले तथा उनके पूरे सेवा काल के दौरान परीक्षण करता है। यही वह सैन्य अड्डा है जहां 1947 में वायुसेना के परीक्षण पायलट चक येगर ने मैक 1.05 की गति हासिल कर आवाज की स्पीड को पहली बार पार किया था। विमानन सुरक्षा विशेषज्ञ जेफ गुजेट्टी का मानना है कि विमान का उड़ान भरने के तुरंत बाद, बिना अधिक ऊंचाई हासिल किए दुर्घटनाग्रस्त होना किसी उड़ान नियंत्रण प्रणाली में खराबी की ओर संकेत कर सकता है। हालांकि उन्होंने कहा कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
ये भी पढ़ें : West Asia Crisis : ईरान को परमाणु हथियार नहीं रखने देंगे : नेतन्याहू


