अमेरिका और ईरान का समझौता हो या न हो हमें कोई फर्क नहीं पड़ता
West Asia Crisis (आज समाज), तेल अवीव : अमेरिका और ईरान के द्वारा आपसी समझौते के दावे के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि हमारे लिए हमारे देश की सुरक्षा सर्वोपरि है और हम इसके लिए कोई भी कीमत चुकाने को तैयार हैं।
उन्होंने कहा कि हमें इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता की अमेरिका और ईरान आपस में शांति समझौता कर रहे हैं या फिर नहीं लेकिन हम ईरान को कभी भी परमाणु हथियार एकत्रित करने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि यदि ईरान भविष्य में परमाणु हथियार बनाता है या फिर रखता है तो यह इजरायल की सुरक्षा के लिए बहुत खतरनाक होगा। नेतन्याहू ने कहा कि हम भविष्य में ईरान के ऐसे कार्यक्रमों के खिलाफ जायज कार्रवाई करते रहेंगे।
15 जून को दोनों देशों ने की थी समझौते की घोषणा
ज्ञात रहे कि अमेरिका और ईरान के बीच 28 फरवरी से युद्ध जारी था। इसी के चलते दोनों देशों की तरफ से बीते दिन यानी 15 जून को यह घोषणा की गई थी की दोनों देश शांति समझौते के लिए तैयार हो गए हैं। यह भी कहा गया था कि दोनों देशों के प्रतिनिधि 19 जून को जिनेवा में समझौता पत्र पर हस्ताक्षर करेंगे। हालांकि दोनों ही देशों ने इस समझौते पर हस्ताक्षर करने से पहले अपनी कुछ मांगे रखीं हैं।
300 मिलियन डॉलर देने की खबरें झूठी
अमेरिका और ईरान के बीच होने वाले शांति समझौते से पहले ही अमेरिका के राष्ट्रपति का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने इस समझौते के तहत अमेरिका की तरफ से ईरान को दी जाने वाली 300 मिलियन डॉलर की वित्तीय मदद से इंकार करते हुए कहा है कि अमेरिका ने ऐसा कोई आश्वासन ईरान को समझौते के तहत नहीं दिया है।
ट्रंप ने उन खबरों को पूरी तरह गलत बताया जिनमें कहा गया था कि अमेरिका इस शांति समझौते के बदले ईरान को 300 मिलियन डॉलर देगा। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा ‘ईरान ने परमाणु हथियार न रखने पर सहमति जताई है! साथ ही, यह खबर कि अमेरिका ईरान को 300 मिलियन डॉलर दे रहा है, फर्जी खबर है, जिसे डेमोक्रेट्स ने फैलाया है।
ये भी पढ़ें : Drone Attack Alert : भारत पर ड्रोन हमले का खतरा, अलर्ट


