Iran US Israel War: ईरान ने अमेरिकी जंगी जहाज अब्राहम लिंकन पर मिसाइल दागी

0
406
Iran US Israel War: ईरान ने अमेरिकी जंगी जहाज अब्राहम लिंकन पर मिसाइल दागी
Iran US Israel War: ईरान ने अमेरिकी जंगी जहाज अब्राहम लिंकन पर मिसाइल दागी

कादेर क्रूज मिसाइलों से कैरियर को बनाया निशाना
Iran US Israel War, (आज समाज), तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी: ईरान ने दावा किया है कि उसने अमेरिका के जंगी जहाज एयरक्राफ्ट कैरियर यूएसएस अब्राहम लिंकन पर मिसाइल हमला किया, जिसके बाद उसे इलाका छोड़कर पोजिशन बदलनी पड़ी। ईरानी सेना के मुताबिक, नौसेना ने कादेर क्रूज मिसाइलों से कैरियर को निशाना बनाया।

इस हमले के बाद अमेरिकी बेड़े को अपनी स्थिति बदलनी पड़ी। ईरानी नौसेना प्रमुख शहराम ईरानी ने कहा कि अमेरिकी कैरियर स्ट्राइक ग्रुप की हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि जैसे ही यह बेड़ा मिसाइल रेंज में आएगा, उस पर और भी शक्तिशाली हमले किए जाएंगे। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है और अमेरिका की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

हिजबुल्लाह ने इजराइल पर 3500 से ज्यादा हवाई हमले किए

इजराइल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने बुधवार को कहा कि 2 मार्च से अब तक हिजबुल्लाह इजराइल पर 3,500 से ज्यादा रॉकेट, मिसाइल और ड्रोन दाग चुका है। उन्होंने कहा है कि हिजबुल्लाह ने ईरान के समर्थन में इस लड़ाई में हिस्सा लिया था। हिजबुल्लाह के इन हमलों के जवाब में इजराइल ने लेबनान में फिर से हवाई हमले शुरू किए और जमीनी कार्रवाई भी तेज कर दी है। सार ने कहा कि हिजबुल्लाह तेहरान में बैठे अपने समर्थकों के कहने पर काम कर रहा है।

शांति वार्ता के लिए उपराष्ट्रपति वेंस ईरान की पहली पसंद

ईरान ने ट्रम्प सरकार को संकेत दिया है कि वह राष्ट्रपति की चुनी हुई टीम के बजाए जेडी वेंस के साथ बातचीत करना ज्यादा पसंद करेगा। सूत्रों का कहना है कि ईरान वेंस को युद्ध विरोधी मानता है। ईरान ट्रम्प के दामाद और सलाहकार जेरेड कुशनर और स्टीव विटकॉफ के साथ बातचीत नहीं करना चाहता। ईरान का कहना है उनके साथ बातचीत चल रही थी तभी अमेरिका-ईजराइल ने हमला कर दिया था।

कौन बातचीत करेगा यह ट्रम्प तय करेंगे

इससे पहले ब्रिटिश अखबार गार्जियन ने भी मंगलवार को रिपोर्ट दी थी कि ईरान के अधिकारी स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर से बात नहीं करना चाहते। हालांकि व्हाइट हाउस ने इस रिपोर्ट को पूरी तरह गलत बताया और इसे विदेशी प्रचार बताया।

व्हाइट हाउस ने साफ किया है कि अमेरिका की तरफ से बातचीत कौन करेगा, इसका फैसला सिर्फ राष्ट्रपति ट्रम्प ही करेंगे। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने साफ कहा कि केवल राष्ट्रपति ट्रम्प ही तय करेंगे कि उनकी ओर से बातचीत कौन करेगा। ट्रम्प ने भी कहा कि इस प्रक्रिया में वेंस के साथ-साथ मार्को रुबियो, स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर भी शामिल हैं।

ये भी पढ़ें: वंदे मातरम गाने को लेकर गृह मंत्रालय के सर्कुलर के खिलाफ दायर याचिका सुप्रीम कोर्ट ने की खारिज

  • TAGS
  • [post_tags]