3800 किमी दूर डिएगो गार्सिया पर 2 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, टारगेट से चूकी
US Israel Vs Iran War, (आज समाज), तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी: ईरान ने शुक्रवार सुबह हिंद महासागर में स्थित अमेरिका-ब्रिटेन के जॉइंट सैन्य बेस डिएगो गार्सिया पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। सीएनएन के मुताबिक अमेरिकी अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है। उनके मुताबिक, ईरान ने 2 मिसाइलें दागीं, लेकिन कोई भी बेस को निशाना नहीं बना सकी। यह बेस ईरान के तट से लगभग 3810 किलोमीटर दूर है। तेहरान से इसकी दूरी 5 हजार किमी से भी ज्यादा है।
वहीं, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि अमेरिका और इजराइल के साथ चल रहे युद्ध को खत्म करने के लिए सिर्फ सीजफायर काफी नहीं है, बल्कि इसका पूरी तरह अंत होना चाहिए। जापान की क्योडो न्यूज एजेंसी को दिए इंटरव्यू में अराघची ने कहा, यह युद्ध हमारा नहीं है, इसे हम पर थोपा गया है। जब हम अमेरिका के साथ बातचीत कर रहे थे, तभी हम पर हमला किया गया, जो पूरी तरह गैरकानूनी और बिना उकसावे के था।
पिछले साल जैसी स्थिति दोबारा नहीं चाहता ईरान
उन्होंने कहा कि ईरान जो भी कर रहा है, वह आत्मरक्षा के तहत कर रहा है और वह जरूरत पड़ने पर और जितने समय तक जरूरी होगा, अपनी रक्षा करता रहेगा। अराघची ने साफ कहा कि ईरान सीजफायर को स्वीकार नहीं करेगा, क्योंकि वह पिछले साल जैसी स्थिति दोबारा नहीं चाहता। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह युद्ध पूरी तरह और हमेशा के लिए खत्म करने की गारंटी चाहिए, ताकि भविष्य में दोबारा ऐसी स्थिति न बन सके।
होर्मुज रूट बंद नहीं, जो बात कर रहा उसे रास्ता दे रहे: अराघची
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि होर्मुज बंद नहीं है। जो देश ईरान से संपर्क करेंगे, उनके जहाजों को सुरक्षित रास्ता दिया जाएगा। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा, हमने इस रूट को बंद नहीं किया है। हमारे अनुसार यह खुला है। यह सिर्फ उन देशों के जहाजों के लिए बंद है, जो हम पर हमला कर रहे हैं। अराघची ने साफ किया कि अन्य देशों के जहाज सामान्य रूप से गुजर सकते हैं, लेकिन इसके लिए उन्हें तेहरान के साथ बात करनी होगी।
मिडिल ईस्ट की तरफ बढ़ रहे 3 अमेरिकी वॉरशिप
मिडिल ईस्ट में अमेरिका अपनी सैन्य मौजूदगी तेजी से बढ़ा रहा है। सीएनएन के मुताबिक सैटेलाइट इमेज से पता चला है कि 3 अमेरिकी वॉरशिप के साथ मरीन सैनिक मिडिल ईस्ट भेजे जा रहे हैं। इनमें यूएसएस त्रिपोली, यूएसएस सैन डिएगो, यूएसएस न्यू आॅरलियंस शामिल हैं। इन पर करीब 2200 सैनिक तैनात हैं। ये तीनों वॉरशिप जापान के पास थे। अभी यह भारत के पास दक्षिणी हिंद महासागर में है।
60 साल में पहली बार अल-अक्सा मस्जिद ईद में बंद
मिडिल ईस्ट में अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच पिछले 22 दिनों से जंग चल रही है। ऐसे में 60 साल में पहली बार इजराइल के यरुशलम में अल-अक्सा मस्जिद को ईद की नमाज के लिए बंद कर दिया गया है। 1967 के अरब-इजराइल युद्ध के बाद पहली बार है, जब अल-अक्सा को पूरी तरह बंद किया गया है। यह मुसलमानों के लिए मक्का और मदीना के बाद तीसरा सबसे पवित्र स्थल है। ईरान में शुक्रवार को ईद मनाया गया। इस मौके पर बाजार वीरान नजर आए। वहीं कतर, यूएई और कुवैत जैसे खाड़ी देशों में आज ईद मनाई जा रही है। जंग की वजह से इन देशों में खुले मैदानों में नमाज पढ़ने पर रोक लगा दी गई है।
ये भी पढ़ें : UP News: कानपूर में कल शाम स्कूटर में रखे पटाखों में हुआ धमाका, 8 लोग जख्मी


