Foreign couples can live together in a hotel room without telling a relationship: बिना रिश्ता बताए होटल रूम में साथ रह सकते हैं विदेशी युगल

0
232

रियाद। सऊदी अरब अपने कड़े नियमों के लिए जाना जाता है। यह देश केवल अपने नागरिकों के लिए ही नहीं बल्कि दूसरे देश के नागरिकों के लिए भी उतने ही कड़े नियम रखता था। लेकिन अब सऊदी अरब ने अपने यहां के कठोर नियमों को कम किया है ताकि वहां पर्यटन को बढ़ावा मिल सके। अब इस देश ने विदेशी पुरूष और महिलाओं के लिए छूट दी है कि वह अब होटल के एक कमरे में बिना रिश्ता बताए भी रह सकते हैं। पहले उन्हें साथ रहने के लिए अपने बीच रिश्ता बताना पड़ता था।

यह फैसला मुस्लिम साम्राज्य की नई टूरिस्ट वीजा नीति के तहत हुआ है जो पर्यटकों को लुभाने के लिए बनाई गई है। इसके अलावा सऊदी की महिलाओं को भी अपने लिए किराए पर होटल का कमरा लेने की इजाजत दे दी गई है। इस कदम से महिलाओं को आसानी से यात्रा करने और अविवाहित विदेशी पर्यटकों को साथ रहने का मार्ग प्रशस्त करेगा। इस मुस्लिम देश में शादी के बिना शारीरिक संबंध बनाने पर प्रतिबंध है। सऊदी कमीशन फॉर टूरिज्म एंड नेशनल हेरिटेज ने इस खबर की पुष्टि की है। कमीशन ने कहा, ‘सभी सऊदी नागरिकों को होटल में चेक-इन करते समय अपने परिवार का पहचान पत्र या रिश्ते का सबूत देना होगा। वहीं विदेशी पर्यटकों के लिए यह अनिवार्य नहीं है।’ अब सउदी सहित सभी महिलाएं अकेले होटल में रुक सकती हैं और चेक-इन पर उन्हें आईडी प्रदान करनी होगी।
सऊदी अरब ने पिछले हफ्ते 49 देशों के विदेशी पर्यटकों के लिए अपने दरवाजे खोल दिए क्योंकि वह इस क्षेत्र को विकसित और अपनी अर्थव्यवस्था को तेल निर्यात से दूर करना चाहता है। इस कदम के तहत मुस्लिम देश ने घोषणा की है कि अब पर्यटकों को बुर्का पहनने की जरुरत नहीं है लेकिन उन्हें शालीनता वाले कपड़े पहनने होंगे।
हालांकि सऊदी में शराब पर लगा प्रतिबंध जारी रहेगा। हाल के वर्षों में सख्त सामाजिक नियमों में ढील दी गई है और पहले से प्रतिबंधित मनोरंजन खूब फला-फूला है। सऊदी अधिकारी चाहते हैं कि 2030 तक सालाना 10 करोड़ लोग उनके यहां आएं।

SHARE