Bangladesh Violence: बांग्लादेशी नेता उस्मान हादी के जनाजे में शामिल होने पहुंची भीड़ संसद में घुसी, लूटपाट और तोड़फोड़ की

0
263
Bangladesh Violence: बांग्लादेशी नेता उस्मान हादी के जनाजे में शामिल होने पहुंची भीड़ संसद में घुसी, लूटपाट और तोड़फोड़ की
Bangladesh Violence: बांग्लादेशी नेता उस्मान हादी के जनाजे में शामिल होने पहुंची भीड़ संसद में घुसी, लूटपाट और तोड़फोड़ की

उस्मान हादी को राष्ट्रीय कवि काजी नजरुल इस्लाम की कब्र के बगल में दफनाया गया
Bangladesh Violence, (आज समाज), नई दिल्ली: बांग्लादेशी नेता उस्मान हादी के जनाजे में शामिल होने पहुंची भीड़ संसद में घुस गई। बेकाबू भीड़ ने संसद में लूटपाट और तोड़फोड़ की। इससे पहले हादी को बांग्लादेश के राष्ट्रीय कवि काजी नजरुल इस्लाम की कब्र के बगल में दफनाया गया। दोपहर 2:30 बजे संसद भवन के साउथ प्लाजा में जनाजे की नमाज अदा की गई। यहां इंकलाब मंच के सदस्य सचिव अब्दुल्ला अल जाबेर ने समर्थकों से जनाजे के बाद प्रदर्शन के लिए शाहबाग जाने का आह्वान किया था।

उन्होंने कहा कि हम यहां शोक मनाने नहीं आए हैं। हम अपने भाई के लिए न्याय की मांग करने आए हैं। जाबेर ने कहा कि हादी की हत्या में शामिल हमलावरों को घटना के एक हफ्ते बाद भी गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। उन्होंने सरकार से 24 घंटों के भीतर अब तक उठाए गए कदमों के बारे में जानकारी देने की मांग की।

शेख हसीना को बांग्लादेश को सौंपने की मांग को लेकर भारत के बॉर्डर तक मार्च निकाला

हादी की मौत के विरोध में इंकलाब मंच और जमात के कट्टरपंथियों ने शुक्रवार को बेनापोल से भारत के बॉर्डर तक मार्च निकाला। उनका कहना था कि पूर्व पीएम शेख हसीना को बांग्लादेश को सौंपा जाए। चटगांव में चंद्रनाथ मंदिर के बाहर कट्टरपंथियों ने धार्मिक नारेबाजी की। इधर भारतीय सेना भी एक्टिव हो गई है और बांग्लादेश के हालात पर नजर बनाए हुए है।

हमेशा बांग्लादेशियों के दिलों में रहेंगे हादी

वहीं, संसद में नमाज के बाद अंतरिम नेता मोहम्मद युनूस ने भाषण दिया। उन्होंने कहा कि, लाखों लोग आज यहां आए हैं। लोग सड़क पर लहरों की तरह उमड़ रहे हैं। लोग हादी के बारे में जानना चाहते हैं। हादी, हम आपको विदाई देने नहीं आए हैं। आप हमारे दिलों में बसे हैं। और हमेशा के लिए, जब तक बांग्लादेश अस्तित्व में रहेगा, आप सभी बांग्लादेशियों के दिलों में रहेंगे। इसे कोई नहीं मिटा सकता।

चुनाव टालने के फेर में यूनुस सरकार

कहा जा रहा है कि यूनुस सरकार ने दंगाइयों को फ्री हैंड दिया था। दो घंटे तक मौके पर पुलिस या आर्मी को नहीं भेजा गया। यूनुस सरकार 12 फरवरी को चुनाव टालने के फेर में है। अवामी लीग बैन है, बीएनपी के तारिक रहमान 25 दिसंबर को लंदन से ढाका लौट रहे हैं। रहमान अपनी पार्टी के लिए कोई आधार नहीं बना पाएं, इसलिए यूनुस अराजकता चाहते हैं। कट्टरपंथी जमात को यूनुस का समर्थन हासिल है। अवामी लीग और बीएनपी के हाशिये पर जाने के बाद चुनाव होते हैं तो जमात की बड़ी जीत के आसार हैं। यूनुस फिर राष्ट्रपति बन सकते हैं।

हिंदू-युवक की हत्या के मामले में 7 गिरफ्तार

वहीं बांग्लादेश में हिंदू युवक की हत्या के मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अंतरिम सरकार ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक गुरुवार को मयमनसिंह शहर में 25 वर्षीय दीपु चंद्र दास को ईशनिंदा के आरोप लगाकर भीड़ ने बेरहमी से पीटा था। भीड़ ने उसके शव को पेड़ से लटका दिया और बाद में उसके शव को जला दिया।

पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए मयमनसिंह मेडिकल कॉलेज भेजा है। सरकार ने पर बयान जारी कर बताया कि रैपिड एक्शन बटालियन ने इस मामले में सात संदिग्धों को गिरफ्तार किया है जिनकी उम्र 19 से 46 साल के बीच है। ये गिरफ्तारियां अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर की गईं।

  • TAGS
  • [post_tags]