राजस्थान का असर, चार दिन रहेगी भीषण गर्मी, पारा भी 45 डिग्री के पार

0
295
Weather Update
Weather Update

आज समाज डिजिटल, अंबाला
मई का पखवाड़ा खत्म होने की ओर है। गर्मी ने भी अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। आने वाले 4 दिनों में राजस्थान के साथ लगते हरियाणा और दिल्ली के इलाकों में भीषण गर्मी सहनी पड़ेगी। इस बीच तापमान तो बढ़ेगा ही साथ ही लू के कारण धूलभरी आंधी से भी जूझना पड़ सकता है।

जीटी रोड बेल्ट में अभी राहत

यदि बात करें भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमान की तो ये गर्मी पाकिस्तान के चोलिस्तान मरुस्थल और राजस्थान के थार मरुस्थल से पश्चिमी हवाओं का सीधा रुख मैदानी इलाकों की तरफ होने से राजस्थान, हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में पड़ेगी। हरियाणा के पश्चिमी दक्षिणी जिले सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, चरखी दादरी में गर्मी और लू अपने तीखे तेवर दिखा रही है। हरियाणा के उत्तरी जिले अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल पर भीषण गर्मी और लू का कम प्रभाव है।

इसका कारण यह है कि पंजाब हरियाणा के मध्य तिरछी एक टर्फ रेखा बनी हुई है, जिसके ऊपर वाले जिलों में पूर्वी नमी वाली पवनों की वजह से तापमान में कम उछाल देखने को मिला है। वहीं, अन्य जिलों पर सीधी पश्चिमी पवनों के प्रभाव से तापमान में बढ़ोतरी और लू चल रही है। एक-दो दिन में यह टर्फ रेखा हट जाएगी और संपूर्ण हरियाणा में अधिकतर स्थानों पर अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज होगी। भारतीय मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए 13 मई तक आॅरेंज अलर्ट और शेष हरियाणा के अधिकतर स्थानों के लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया है।

प्रदेश में अधिकतम तापमान की स्थिति

फरीदाबाद 45.8, हिसार 44.9, सिरसा 44.8, नारनौल 43.5, भिवानी 43.2 सिरसा 42.9 फतेहाबाद 42.1 गुरुग्राम 41.4 रोहतक एडब्ल्यूएस 40.8 जींद 40.1 सोनीपत 38.4 कैथल 37.6 अंबाला 37.4 कुरुक्षेत्र 37.1 यमुनानगर 36.3 करनाल 35.8

SHARE