Weather Reports: क्रिसमस पर बर्फबारी का दीदार करने वालों की चाहत होगी पूरी

0
100

Aaj Samaj (आज समाज), Weather Reports, नई दिल्ली: हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है जिसके चलते प्रदेश के कई भागों में बीते कल यानि शुक्रवार को मौसम ने करवट ली। वहीं कश्मीर घाटी में 40 दिन की भीषण ठंड का दौर चिल्ले कलां गुरुवार से शुरू हो गया और इससे केेंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में भी बर्फबारी की संभावना बढ़ गई है। बता दें कि चिल्ले कलां में कश्मीर घाटी में सबसे अधिक बर्फ पड़ने की संभावना होती है। इस तरह बदले मौसम से साफ है कि क्रिसमस पर उत्तर भारत के पहाड़ों पर बर्फबारी का लुत्फ उठाने की चाह रखने वाले पर्यटकों की मुराद इस बार पूरी होगी।

  • हिमाचल में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, मौसम ने ली करवट
  • हरियाणा- पंजाब और चंडीगढ़ तक असर, छाए रहे बादल

कश्मीर घाटी में चिल्ले कलां के बीच हिमपात के आसार

चिल्ले कलां 31 जनवरी तक चलेगा। इसका असर दिखना भी शुरू हो गया है। पूरे कश्मीर में न्यूनतम तापमान रात भर शून्य से कई डिग्री नीचे चला गया, जिससे निवासियों को कड़ाके की ठंड का अहसास हो रहा है। बता दें कि चिल्ले कलां के समय घाटी में बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक होने के चलते इस टाइम को सर्दियों का सबसे कठिन समय माना जाता है। उधर हिमाचल प्रदेश के कुल्लू व लाहौल-स्पीति जिले में शुक्रवार सुबह से ही मौसम खराब बना था। इससे शीतलहर भी बढ़ गई है।

हिमाचल : सैलानियों को संवदेनशील क्षेत्रों की ओर न जाने की सलाह

हिमाचल राजधानी शिमला में भी धूप खिलने के साथ बादल छाए रहे। कुल्लू व लाहौल के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सैलानियों को संवदेनशील क्षेत्रों की ओर न जाने की सलाह दी है। वहीं, सर्दी के मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने 3,000 मीटर के अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में ट्रैकिंग गतिविधियों पर रोक लगा दी है। क्रिसमस के मौके पर उत्तरांखड में मौसम साफ रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूवार्नुमान के अनुसार 24 व 25 दिसंबर को प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहेगा।

हरियाणा में हिसार सबसे ठंडा

हरियाणा के हिसार में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 3 डिग्री दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार प्रदेश में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर होगा। इसके प्रभाव से 23 दिसंबर को प्रदेश के पश्चिमी व दक्षिणी हिस्सों में बूंदाबांदी की संभावना है। वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ने से शनिवार सुबह कोहरा भी छा सकता है। 25 दिसंबर तक इस विक्षोभ का असर रहेगा।

पंजाब के स्कूलों में कल से 31 तक छुट्टियां

पंजाब में सर्दी के इस सीजन में गुरुवार को पहली बार पारा तीन डिग्री के नीचे आ गया है। लुधियाना का न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.7 डिग्री नीचे है। मौसम विभाग ने पंजाब के ज्यादातर जिलों में शनिवार व रविवार को घनी धुंध पड़ने का अलर्ट जारी किया है। देश के सभी सरकारी, प्राइवेट, एडेड और मान्यता प्राप्त स्कूलों में सर्दियों के मौसम को देखते हुए 24 से 31 दिसंबर तक छुट्टियां की जा रही हैं।

यह भी पढ़ें: 

Connect With Us: Twitter Facebook

 

SHARE