Weather: हिमाचल में 22 से फिर बर्फबारी, बारिश का अनुमान, पंजाब-हरियाणा में बढ़ी ठंड

0
130
Weather
हिमाचल प्रदेश में 22 से फिर बारिश, बर्फबारी का अनुमान

Aaj Samaj (आज समाज), Weather, शिमला: हिमाचल प्रदेश में 22 अक्टूबर से फिर बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार 21 तक प्रदेश के लगभग सभी इलाकों में धूप खिलेगी और ठंड से राहत मिलने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि 22 अक्टूबर से एक पश्चिमी विक्षोभ दोबारा सक्रिय हो रहा है और इसी की वजह से 22 और 23 अक्टूबर को प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में ऊंची चोटियों पर फिर बर्फबारी होने व अन्य क्षेत्रों में बारिश की संभावना है। हालांकि इसके लेकर किसी तरह का अलर्ट नहीं रहेगा।

23 अक्टूबर के बाद मौसम साफ रहने के आसार

23 अक्टूबर के बाद मौसम साफ रहने के आसार हैं। राजधानी शिमला व आसपास के क्षेत्रों में बुधवार के बाद गुरुवार को भी मौसम साफ बना रहा। दूसरी तरफ राज्य के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में पिछले दिनों हुई बर्फबारी व बारिश के कारण सुबह-शाम ठंड बढ़ गई है। कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान गिरने से रातें सर्द हो गई हैं। लाहौल-स्पीति जिला मुख्यालय केलांग राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा है। यहां इस सर्दी के मौसम में पहली बार न्यूनतम तापमान माइनस में पहुंच गया। यह 2.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

पंजाब में आदमपुर सबसे ठंडा

पंजाब में भी ठंड बढ़ने लगी है। यहां रात के पारे में 1.8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। 12 डिग्री सेल्सियस के साथ पंजाब में आदमपुर सबसे ठंडा रहा। मौसम शुष्क रहने से दिन के तापमान में 1.5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है लेकिन यह अब भी सामान्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस नीचे बना है। मौसम विभाग के अनुसार छह दिन पंजाब में मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान अधिकतम तापमान में भले ही कोई बड़ा बदलाव देखने को न मिले लेकिन रात के तापमान में और गिरावट की संभावना है।

हरियाणा : पंचकूला का न्यूनतम तापमान सबसे कम

हरियाणा में भी सर्दी ने दस्तक दे दी है। पंचकूला में न्यूनतम तापमान 14.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो हरियाणा का सबसे कम तापमान रहा। चंडीगढ़ मौसम केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि बारिश के बाद हिमाचल में बर्फबारी से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इस बार अक्टूबर में बारिश के दो स्पैल आए हैं, जिस वजह से ठंड पहले आ गई है। अमूमन 25 से 30 अक्टूबर के बीच हरियाणा के तापमान में गिरावट दर्ज की जाती थी। उन्होंने बताया कि अभी एक दो दिन तापमान स्थिर रहेगा। उसके बाद फिर रात का तापमान गिरेगा। एक हफ्ते तक बारिश की कोई संभावना नहीं है।

यह भी पढ़ें :

Connect With Us: Twitter Facebook

 

SHARE