Weather Forecast: देश के 8 राज्यों में भारी बारिश का अनुमान, हिमाचल में प्री-मानसून की दस्तक

0
134
Weather Forecast
देश के आठ राज्यों में भारी बारिश का अनुमान, हिमाचल में प्री-मानसून की दस्तक

Aaj Samaj (आज समाज), Weather Forecast, नई दिल्ली: भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार देश के आठ राज्यों में भारी बारिश का अनुमान है। बता दें कि मानसून को केरल में दस्तक दिए पंद्रह दिन हो चुके हैं और यह अभी देश के आधे राज्यों में भी ठीक तरह से नहीं पहुंचा है। हिमाचल प्रदेश में प्री-मानसून ने दस्तक दी है। प्रदेश में 25 जून को हिमाचल में मानसून के पहुंचने का अनुमान है। इस बीच मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, झारखंड व मध्यप्रदेश में आज व कल भारी बारिश की संभावना जताई है।

  • बंगाल और बिहार में बिजली गिरने से 11 लोगों की मौत
  • 17 राज्यों में मानसून एक हफ्ते या इससे ज्यादा लेट

पूर्वोत्तर में बाढ़ जैसे हालात, असम के 10 जिलों में स्थिति खराब

पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश से बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। असम में ब्रह्मपुत्र नदी उफान पर है। असम आपदा प्रबंधन के मुताबिक, राज्य के 10 जिलों में बाढ़ से स्थिति बेहद खराब है। 108 गांवों में 1.20 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। सबसे ज्यादा नलबाड़ी जिले में बाढ़ से 45 हजार लोग प्रभावित हैं। आईएमडी 26 जून तक असम, मेघालय, सिक्किम व पश्चिम बंगाल में भी भारी बारिश का अनुमान जताया है। बंगाल के मालदा और बिहार के जमुई जिले में बुधवार को बिजली गिरने से 11 लोगों की मौत हो गई। मालदा में 12 बच्चे भी बिजली गिरने से घायल हुए हैं।

बिहार, झारखंड, तेलंगाना और ओडिशा में लू

आईएमडी अधिकारियों के अनुसार बिहार, झारखंड, तेलंगाना और ओडिशा में चार दिन लू चलने का अलर्ट है। इन्हीं 4 दिनों में मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बीते 24 घंटों में 6 राज्य महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, बिहार और झारखंड में लू चली। वहीं, सिक्किम, असम और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश हुई है।

इन राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश हुई

मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, राजस्थान, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश हुई। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ और निवाड़ी जिले में भारी बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। टीकमगढ़-झांसी हाईवे पर पानी भर गया। देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर राज्यों में देरी से पहुंचा। इसके बाद से इसकी रफ्तार धीमी हो गई। राजस्थान समेत 17 राज्यों में मानसून एक हफ्ते या इससे ज्यादा लेट हो चुका है। राज्य में बारिश का दौर भी थम गया है। कई शहरों का पारा 40 डिग्री के पार चला गया है।

हरियाणा : जीटी रोड बेल्ट के जिलों में झमाझम बारिश

हरियाणा में आज जीटी रोड बेल्ट के जिलों में झमाझम बारिश हुई है। अभी भी आसमान में बादल हैं और मौसम सुहावना है। वहीं कई जिलों में अभी बारिश के आसार हैं। आईएमडी के अनुसार सबसे ज्यादा बारिश कुरुक्षेत्र में 24 एमएम और इसके बाद सोनीपत में 14.5 एमएम हुई है। अंबाला में सुबह कहीं तेज, तो कहीं हल्की बारिश हुई। रात को 3 बजे से ही जीटी रोड बेल्ट के जिलों सोनीपत, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर व पंचकूला में मौसम खराब हो गया था। साढ़े 3 बजे के आसपास बारिश शुरू हुई। सोनीपत में तो रुक रुक कर 7 बजे तक बादल बरसते रहे।

पंजाब : तीन दिन मौसम ड्राई रहेगा, 24 से बदलेगा

पंजाब में अभी अगले तीन दिन मौसम ड्राई रहेगा, लेकिन 24 जून से फिर मौसम बदलने जा रहा है, हालांकि ये बदलाव भी लोकल वेदर सिस्टम बनने के कारण ही होगा। ऐसे में अभी पंजाब के वासियों को प्री-मॉनसून की बारिश के लिए इंतजार करना पड़ेगा।

यह भी पढ़ें :  

Connect With Us: Twitter Facebook

 

SHARE