Weather 2 March 2024: भारी बारिश व बर्फबारी से बेहाल हिमाचल व कश्मीर, सैकड़ों सड़कें, पेयजल योजनाएं व ट्रांसफॉर्मर ठप

0
157
Weather 2 March 2024
भारी बारिश व बर्फबारी से बेहाल हिमाचल और कश्मीर, सैकड़ों सड़कें, पेयजल योजनाएं और ट्रांसफॉर्मर ठप

Aaj Samaj (आज समाज), Weather 2 March 2024, नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली के अलावा हरियाणा व पंजाब सहित उत्तर भारत के पहाड़ी राज्य जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बारिश व बर्फबारी ने एक बार फिर सर्दी बढ़ा दी है। हिमाचल के मशहूर पर्यटन स्थल मनाली के अलावा अधिकतर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शुक्रवार से शुरू हुआ बर्फबारी का सिलसिला शनिवार को भी जारी रहा। वहीं निचले क्षेत्रों में बारिश जारी रही जिससे आम जनजीवन बुरी तरह बाधित हो गया है।

मनाली-सोलंग नाला मार्ग पर नेहरु कुंड में हिमस्खलन

मनाली-सोलंग नाला मार्ग पर नेहरु कुंड में भारी हिमस्खलन होने से 5 गाड़ियां दब गई। हालांकि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ है। गाड़ियां सड़क किनारे पार्क की थीं तभी हादसा हुआ। इसके अलावा प्रदेश की राजधानी शिमला सहित अन्य क्षेत्रों में बारिश व बर्फबारी के कारण शनिवार सुबह 10 बजे तक 4 राष्ट्रीय राजमार्ग और 350 सड़कें बंद थीं। वहीं बिजली के 1314 ट्रांसफॉर्मर 10 पेयजल योजनाएं भी ठप हो गई हैं।

पांगी और भरमौर की ऊपरी चोटियों पर 20.32 से 25.40 सेंटीमीटर तक बर्फबारी

चंबा जिले के जनजातीय क्षेत्र पांगी और भरमौर की ऊपरी चोटियों पर 20.32 सेंटीमीटर से 25.40 सेंटीमीटर तक बर्फबारी हुई है। जिले के अन्य इलाकों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन होने से कई सड़कें बंद हो गई हैं। कुल्लू और लाहौल स्पीति जिले में भी भारी बारिश हुई है। शुक्रवार रात से मूसलाधार बारिश होने से ब्यास नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया है। भुंतर-मणिकर्ण सड़क पर जगह-जगह भूस्खलन हुआ है। वहीं भारी बर्फबारी के चलते जनजातीय जिले किन्नौर के सभी ग्रामीण रूटों पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है।

जम्मू-कश्मीर के 9 जिलों में एवलांच की चेतावनी

जम्मू-कश्मीर के भी पर्वतीय और मैदानी इलाकों में बारिश और बर्फबारी से आम जनजीवन बुरी तरह बाधित हो गया है। जम्मू-कश्मीर आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (जेकेडीएमए) ने 9 जिलों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है। इन 9 जिलों में बांदीपूरा, बारामुला, कुपवाड़ा, गांदरबल, डोडा, किश्तवाड़, पुंछ, रामबन और रियासी शामिल हैं। यहां 2200 मीटर से ऊपर मध्यम खतरे स्तर का हिमस्खलन होने की संभावना है। खराब मौसम से कश्मीर के अधिकतर क्षेत्रों में शीतलहर के साथ फिर ठंडक बढ़ गई है। खराब मौसम को देखते हुए डोडा, किश्तवाड़ और रामबन में स्कूल दो दिन के लिद बंद कर दिए गए हैं।

हरियाणा में भी बारिश व ओलावृष्टि

हरियाणा के अंबाला व हिसार सहित अधिकतर जिलों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण शुक्रवार रात से सुबह तक कुछ जगह ज्यादा और कुछ जगह कम बारिश हुई। कई जगह ओले गिरे। पंजाब में भी ऐसा ही मौसम रहा। हरियाणा में कई जगह शनिवार को दोपहर तक बादलों के बीच सूरज की लुकाछिपी रही और उसके बाद काले बादल छा गए व कहीं तेज तो कहीं छिटपुट बारिश हुई। हिसार के ग्रामीण इलाकों में कई जगह तेज बारिश के साथ ओले भी गिरे। 11 दिन में यहां यह तीसरी बार है जब ओले गिरे हैं। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी हरियाणा के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना है। प्रदेश के अधिकतर जिलों में बादल छाए रहेंगे।

यह भी पढ़ें:

Connect With Us: Twitter Facebook

SHARE