Weather 25 May 2024: हरियाणा-पंजाब सहित उत्तर-पश्चिम भारत में लू का रेड अलर्ट, औसत अधिकतम तापमान 49 दर्ज

0
12
Weather 25 May 2024
हरियाणा-पंजाब सहित उत्तर-पश्चिम भारत में लू का रेड अलर्ट, औसत अधिकतम तापमान 49 दर्ज।

Aaj Samaj (आज समाज), Weather 25 May 2024, नई दिल्ली: देश के उत्तरी क्षेत्र में एक ओर जहां धूप और लू (हीटवेव) लगातार आफत बनी है, वहीं दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में बारिश ने तबाही मचा रखी है। बीते कुछ दिन से केरल मेें वर्षाजनित हादसों में आज सुबह तक 11 लोगों की मौत की सूचना थी और अब भी केरल व आसपास के राज्यों में बारिश से राहत के आसार नहीं हैं। दूसरी तरफ उत्तर भारत में भीषण गर्मी लगातार कहर बनी हुई है और फिलहाल इससे राहत के कोई आसार नहीं हैं। आईएमडी ने अगले चार दिन के लिए उत्तर-पश्चिम भारत (हरियाणा-पंजाब, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात) में लू का रेड अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली में तापमान में गिरावट, पर गर्मी प्रचंड, मानसून में अभी देरी

अधिकारियों के अनुसार शुक्रवार को उत्तर भारत में औसत अधिकतम तापमान 49 और न्यूनतम 31 डिग्री सेल्सियस रहा। राजस्थान के फलौदी में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 49.0 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं जैसलमेर में 48.3, जोधपुर, 47.6 और बाड़मेर में 48.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, दिल्ली में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन राष्ट्रीय राजधानी में गर्मी अभी भी भीषण है। अधिकारियों के मुताबिक उत्तर भारत में मानसून आने में अभी देरी है।

केरल में प्री-मानसून गतिविधियों ने मचाई तबाही

केरल में प्री-मानसून गतिविधियों ने तबाही मचाई है। राज्य के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो रही है और आईएमडी ने 7 जिलों के लिए अब भी येलो अलर्ट जारी किया है। अंडमान-निकोबार में भी  भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। केरल के कैबिनेट मंत्री के राजन के मुताबिक 9 से 23 मई तक बर्षाजनित हादसों में 11 लोगों की मौत हुई है। आज के लिए भी केरल में भारी बारिश का अलर्ट है। मछुआरों को समंदर में न उतरने के लिए चेतावनी दी गई है। वहीं लोगों से कहा गया है कि छुट्टियों के दौरान वे अपने बच्चों को तालाब या नदियों के पास ना जाने दें।

बाहर का तापमान ज्यादा होने से उड़ान नहीं भर सका विमान

भोपाल-हैदराबाद इंडिगो की फ्लाइट शुक्रवार को एक घंटे देरी से रवाना हुई। इसका कारण बताया गया कि बाहर का तापमान ज्यादा होने के चलते इंजन रिस्ट्रिक्टेड मोड में चला गया था। विमान में सभी 72 यात्रियों की बोर्डिंग पूरी होने के कुछ देर बाद मुसाफिरों को सूचना दी गई कि बाहरी तापमान की वजह से विमान अभी उड़ान नहीं भर सकता है। एयरक्राफ्ट के कप्तान ने बताया कि यह फ्लाइट डिले है, क्योंकि बाहर का तापमान काफी ज्यादा है, जिसकी वजह से इंजन की परफार्मेंस काफी हद तक रिस्ट्रिक्टेड हो जाती है और ऐसी स्थिति में हम केवल एक एमाउंट का ही वेट ले जा सकते हैं।

लू से बचाव के लिए एडवाइजरी

उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में लू से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। राजस्थान में सफाई कर्मचारियों से सुबह 5 से 10 बजे तक ही काम करने को कहा गया है। मध्य प्रदेश, पंजाब और दिल्ली में डॉक्टरों ने मरीजों और बुजुर्गों से दिन में यात्रा नहीं करने की सलाह दी है। हिमाचल के कांगड़ा जिले के सभी स्कूलों में 25 मई को छुट्टी कर दी गई थी। यहां शुक्रवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया। एमपी ट्रैफिक पुलिस ने इंदौर के चौराहों पर रेड लाइट का ड्यूरेशन कम कर दिया, ताकि लोगों को धूप में कम रुकना पड़े।

पश्चिम बंगाल से आज टकराएगा ‘रेमल’

बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर बनने से उठा चक्रवाती तूफान रेमल 26 मई को पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश से टकराएगा। मौसम विभाग ने बताया कि तूफान के 26 मई की रात को पश्चिम बंगाल के सागर द्वीप और बांग्लादेश के खेपुपारा के तटों को पार करने की संभावना है। इसके लैंडफॉल के दौरान करीब 135 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और समंदर में 1 मीटर ऊंची लहरें उठ सकती हैं। पश्चिम बंगाल के निचले तटीय इलाकों में बाढ़ आने की संभावना है।

यह भी पढ़ें:

Connect With Us : Twitter Facebook

SHARE