Weather 23 July Update: महाराष्ट्र और गुजरात में भी भारी बारिश व बाढ़ का कहर, दिल्ली में फिर बाढ़ का खतरा

0
384
Weather 23 July Update
उत्तराखंड के उत्तरकाशी में बदल फटने के बाद का मंजर

Aaj Samaj (आज समाज), Weather 23 July Update, नई दिल्ली: उत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी राज्यों के साथ ही महाराष्ट्र, गुजरात, में भी भारी बारिश व बाढ़ बीते कुछ दिन से कहर बरपा रही है। महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में बारिश के चलते कई घर और गाड़ियां जलमग्न हो गई हैं। इधर हिमाचल और उत्तराखंड में इस सप्ताहांत फिर भारी बारिश व बादल फटने आदि की कई घटनाओं के बाद कुछ जगहों पर दोबारा स्थिति बदतर हो गई है। कई इलाकों का मुख्य शहरों से संपर्क कट गया है। कुल्लू व शिमला में बादल फटने के कारण हुए अलग-अलग हादसों में 7 लोगों की मौत हो गई है। इससे प्रदेश में मानसून में मरने वालों की संख्या 154 हो गई है।

  • पहाड़ों से मैदानों तक फिर बारिश का सितम जारी 
  • दिल्ली में  निचले इलाकों को खाली करने के निर्देश 

दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर  206.31 मीटर दर्ज

पहाड़ों में भारी बारिश का असर हरियाणा के साथ ही फिर दिल्ली में भी देखा जा रहा है। यमुना नदी का जलस्तर शनिवार के बाद से खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है, जिसके बाद राजधानी में फिर बाढ़ की आशंका जताई गई है। दरअसल हथनीकुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद यमुना का जलस्तर बढ़ा है। आज सुबह 10 बजे दिल्ली के ओल्ड रेलवे ब्रिज के पास सुबह दस बजे यमुना का जलस्तर 206.01 मीटर था।

वहीं, शनिवार शाम सात बजे जलस्तर 205.09 मीटर था। हथनीकुंड बैराज से सुबह पांच बजे तक हर घंटे डेढ़ लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा गया, जिसके बाद बाढ़ का खतरा और ज्यादा गहराते जा रहा है। आज शाम को नदी का चार बजे 206.31 मीटर दर्ज किया गया। दिल्ली प्रशासन ने इसके बाद निचले इलाकों को खाली करने की घोषणा कर दी है। खतरे के मद्देनजर दिल्ली के उपराजयपाल वीके सक्सेना ने गृह मंत्री अमित शाह ने बात की है।

नोएडा में निचले इलाकों में हिंडन नदी का पानी भरा

उधर नोएडा में हिंडन नदी का जलस्तर बढ़ने से कई निचले इलाकों की बस्तियों में पानी घुस गया है। प्रशासन ने लोगों को इलाका खाली करने के निर्देश दिए हैं। राज्य के कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। 26 जुलाई तक मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है।

महाराष्ट्र और गुजरात भी बेहाल

महाराष्ट्र में ठाणे जिले के भिवंड़ी में भी गंभीर जल-जमाव हो गया है, जिसके कारण कारें आधी पानी में डूब गईं। उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस ने रविवार को कहा कि राज्य सरकार अत्यधिक बारिश के कारण होने वाली समस्याओं से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क है। राज्य के यवतमाल जिले में बारिश से संबंधित घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई है। गुजरात के भी कई शहरों में शनिवार को भारी बारिश हुई और पूरा नवसारी लगभग जलमग्न हो गया है। अमरेली में भी पानी भर गया है। राज्य में कई जगहों के लिए अब भी रेड अलर्ट तो कई इलाकों के लिए आरेंज अलर्ट जारी है। मौसम विभाग ने जूनागढ़, नवसारी समेत सात जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। नवसारी के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हैं।

गुजरात : जूनागढ़ में रेड अलर्ट, गुजरात में सोमवार को भी भारी बारिश का अनुमान

आईएमडी के वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार के अनुसार, वर्तमान में मानसून सक्रिय चरण में है इसलिए इसके प्रभाव में, गुजरात में पहले से ही अत्यधिक भारी वर्षा हो रही है जो सोमवार तक जारी रहने का अनुमान है। दरअसल जूनागढ़ शहर में शनिवार को चार घंटों में 10 इंच बारिश हुई जिससे बाढ़ आ गई। कई कारें पानी में बहती दिखीं। बारिश बंद होने के बाद चारों तरफ तबाही के निशान दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद भी अलग-अलग जगह भारी वर्षा जारी रह सकती है। जूनागढ़ के निचले इलाकों में सैकड़ों कच्चे मकान ढह गए हैं। कई इलाकों में अब भी 5 फीट तक पानी भरा है।

हरियाणा में बाढ़ संभावित एरिया में हाई अलर्ट

हिमाचल व उत्तराखंड में भारी बारिश के बाद हरियाणा में यमुना और घग्गर का जलस्तर शनिवार से लगातार बढ़ रहा है। सरकार ने अंबाला और पानीपत के 40 किमी एरिया में शनिवार से ही हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। प्रदेश में बाढ़ से मरने वाले लोगों की संख्या अब तक 40 हो गई है। अंबाला, फरीदाबाद, फतेहाबाद और सिरसा में एनडीआरएफ की टीमें और फतेहाबाद में सेना तैनात है। भारी बारिश के कारण पंजाब के जालंधर में कई जगह सड़कों पर पानी जमा हो गया।

यह भी पढ़ें :    

Connect With Us: Twitter Facebook

 

SHARE