Vijay Sankalp Rally: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया योजनाबद्ध तरीके से गरीबों का उत्थान:- नायब सैनी

0
9
विजय संकल्प रैली में मंचासीन मुख्यमंत्री नायाब सैनी, सिंचाई मंत्री डॉ. अभय सिंह यादव व महेंद्रगढ़-भिवानी लोकसभा के प्रत्याशी धर्मबीर सिंह।
विजय संकल्प रैली में मंचासीन मुख्यमंत्री नायाब सैनी, सिंचाई मंत्री डॉ. अभय सिंह यादव व महेंद्रगढ़-भिवानी लोकसभा के प्रत्याशी धर्मबीर सिंह।
  • मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी से पूछा, जब सत्ता में थे तो किसने रोका था गरीबी हटाने से
  • भाजपा ने महिलाओं को आगे बढ़ाने का काम किया:- नायब सैनी

Aaj Samaj (आज समाज),Vijay Sankalp Rally, महेंद्रगढ़:हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने प्रदेश के लोगों का आह्वान किया है कि वह 25 मई को वोट डालते समय इस बात का विश्लेषण जरूर करें कि 2014 से पहले भारत क्या था और 2024 में भारत क्या है? उन्होंने कहा कि जब देश की जनता इस विश्लेषण को करेगी तो निश्चित तौर पर उसके सामने भाजपा के अलावा उसके वोट का दूसरा कोई हकदार नहीं होगा। ‌रविवार को महेंद्रगढ़-भिवानी लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार धर्मवीर सिंह के समर्थन में “विजय संकल्प रैली” को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 2014 में जब यहां से चंडीगढ़ जाते थे तो कम से कम 8 से 10 घंटे का समय लगता था, आज यहां से बहुत कम समय में चंडीगढ़ पहुंच जाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार ने योजनाबद्ध तरीके से गरीबों को लाभ पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस के नेता लोगों को बहकाने के लिए एक झटके में गरीबी हटाने की बात कहते हैं। देश से गरीबी हटाने का नारा 1970 में इंदिरा गांधी ने दिया था उसके बाद यह लोग 50 साल में भी गरीबी नहीं हटा पाए। उन्होंने कांग्रेस से पूछा कि जब वह सत्ता में थे तब उन्हें गरीबी हटाने से किसने रोका था? नायब सैनी ने किसानों की समस्याओं और भाजपा की नीतियों का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस ने किसानों को हमेशा ठगने का काम किया है। राजस्थान में कर्ज माफी का नारा दिया, लेकिन कर्ज माफ नहीं किया, जिससे बड़ी संख्या में किसानों ने आत्महत्या की और उनकी जमीन कुर्क हुई। दूसरी ओर नरेंद्र मोदी ने किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के रूप में साढ़े 3 लाख करोड़ रुपए सीधे किसानों के खाते में डाल दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को पानी की सबसे ज्यादा जरूरत होती है और टेल तक पानी पहुंचाने का काम भी भाजपा की सरकार ने किया।

हमारी सरकार ने साढ़े 9 साल में 12 हजार करोड से अधिक राशि किसानों को मुआवजे के रूप में दी

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के राज में फसल के खराबे का केवल 1100 करोड रुपए मुआवजा दिया गया, जबकि भाजपा ने साढ़े 9 साल में साढ़े 12 हजार करोड रुपए किसानों को मुआवजा के रूप में दिए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में 272 करोड रुपए किसानों का बकाया था जिसे भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के बाद किसानों को देने का काम किया। नायब सैनी ने कहा कि भाजपा की सरकार ने महिलाओं को आगे बढ़ाने का काम किया है। महिलाओं के सम्मान में नीतियां बनाने का काम हुआ। 2014 में महिलाएं दूर-दराज से पानी के मटके भरकर सिर पर लाने को मजबूर थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जल शक्ति मंत्रालय बनाकर हर घर को नल से जल देने का काम किया, जिससे महिलाओं को अब दूर से पानी भरकर नहीं लाना पड़ता। महिलाओं के सम्मान के लिए हर घर में शौचालय बनाने का काम किया। स्वयं सहायता ग्रुप से महिलाओं को रोजगार मुहैया करवाने का काम किया। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से गरीबों के घर में रसोई गैस पहुंचाने का काम किया। युवा महिलाओं को ड्रोन की ट्रेनिंग देकर उन्हें रोजगार देने का काम किया।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि एक तरफ भाजपा देश को मजबूत व भ्रष्टाचार से मुक्त करने का काम कर रही है, तो दूसरी तरफ घमंडियां गठबंधन के लोग भ्रष्टाचारी नेताओं को बचाने में लगे हैं। ऐसे में लोगों को 25 मई को “कमल के फूल” के सामने का बटन दबाकर भ्रष्टाचारी नेताओं को सबक सिखाने का काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज देश मजबूती से आगे बढ़ रहा है। नरेंद्र मोदी की सरकार ने संस्कृति संरक्षण की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। राम मंदिर, धारा 370, महाकालेश्वर कॉरिडोर, सोमनाथ मंदिर का जीर्णोद्धार, केदारनाथ मंदिर का जीर्णोद्धार ऐसे ही काम है। उन्होंने कहा कि राजनीति में नेता-नीति और नीयत तीन चीजों का महत्व होता है। भाजपा के पास यह तीनों ही चीज हैं, जबकि विरोधियों के पास इनमें से कुछ भी नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भी प्रधानमंत्री ने देश और  देश के लोगों के हित में कोई नीति बनाने का काम किया तो कांग्रेस और उसके साथी दलों के नेताओं ने उन नीतियों का विरोध किया।

 जीएसटी से भरा देश का खजाना : धर्मबीर सिंह

सांसद एवं महेंद्रगढ़-भिवानी लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार धर्मबीर सिंह ने कहा कि कांग्रेस का काम केवल विरोध करना है। कांग्रेस ने नोटबंदी और जीएसटी का भी विरोध किया, लेकिन जीएसटी के माध्यम से भारत के खजाने में 18 लाख करोड़ की बजाय 49 लाख करोड रुपए आने लगा है, जिससे देश में विकास को नए पंख लगे हैं। उन्होंने कहा कि महेंद्रगढ़-भिवानी लोकसभा क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं और केंद्र सरकार के सड़कों के जाल से हरियाणा का यह दूरदराज का इलाका हरियाणा के नजदीक आया है। उन्होंने राम मंदिर, धारा 370 आदि का भी जिक्र किया और कहा कि देश में सनातन धर्म की संस्कृति की रक्षा कोई कर सकता है तो वह केवल नरेंद्र मोदी कर सकते हैं।

नांगल चौधरी में अनाज मंडी में आयोजित विजय संकल्प रैली में विधायक ओम प्रकाश यादव, सीताराम यादव, लक्ष्मण यादव के साथ-साथ पूर्व मंत्री करतार भड़ाना, संतोष यादव, दयाराम यादव, राकेश कुमार, पार्टी की जिला प्रभारी गार्गी कक्कड़, कमलेश सैनी, सत्यव्रत शास्त्री, राकेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नेता मौजूद थे।

भाजपा ने बदल दी 250 गांव की अर्थव्यवस्था:- अभय यादव

हरियाणा सिंचाई मंत्री डॉ. अभय सिंह यादव ने मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार नांगल चौधरी पहुंचे नायब सैनी का स्वागत किया। अभय सिंह ने कहा कि महेंद्रगढ़ जिले का जितना विकास इन 10 सालों में हुआ है उतना विकास पहले कभी नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि सड़कों का जाल बिछा है। टेल पर पानी पहुंचा है। मेडिकल कॉलेज बन रहा है। 1200 एकड़ में लॉजिस्टिक हब स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह भाजपा की ही नीतियों का परिणाम है कि महेंद्रगढ़ जिले के 250 गांव की अर्थव्यवस्था पूरी तरह से बदल गई है। जमीन पानी के मामले में रिचार्ज हुई है जिससे फसलों की पैदावार हुई है और किसानों को उनकी फसलों का पूरा दाम मिला है। सिंचाई मंत्री ने कहा कि सभी लोगों को 2014 से 2024 तक के सफर का पता है और उसका विश्लेषण करें तो 2014 से पहले का भी सीन एक बार अपने मन मस्तिष्क में जरूर लेकर आएं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश को ऐसा नेतृत्व दिया है, जिसने देश को विश्व के नक्शे पर चमकाने का काम किया है।

Connect With Us : Twitter Facebook

SHARE