UP Politics: कांग्रेस-सपा के बीच सीटों पर नहीं बनी बात, स्वामी प्रसाद मौर्य ने छोड़ी सपा

0
114
UP Politics
कांग्रेस-सपा के बीच सीटों पर नहीं बनी बात, स्वामी प्रसाद मौर्य ने छोड़ी सपा

Aaj Samaj (आज समाज), UP Politics, लखनऊ: उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच गठबंधन नहीं होगा। यह इस साल होने वाले लोकसभा चुनावों को लेकर बनाए गए विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के लिए बड़ा झटका है। सूत्रों के अनुसार सपा और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर सहमति नहीं बन पाई है, जिसके चलते दोनों पार्टियां राज्य में अकेले चुनाव लड़ेंगी।

सपा ने दिया था 17 सीटों का प्रस्ताव

दूसरी तरफ स्वामी प्रसाद मौर्य ने सपा की प्राथमिक सदस्यता और विधान परिषद से इस्तीफा दे दिया है। जहां तक कांग्रेस से गठबंधन की बात है, सपा ने सोमवार को गठबंधन के तहत 17 सीटों पर कांग्रेस को अपने प्रत्याशी उतारने का प्रस्ताव दिया था। इससे पहले सपा ने कांग्रेस को 11 सीटों पर चुनाव लड़ने का प्रस्ताव दिया था, जिसे लेकर दोनों दलों के बीच बयानबाजी शुरू हो गई थी। सोमवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस के लिए 17 लोकसभा सीटें छोड़ने का निर्णय लिया।

17 सीटों में ये शामिल

सूत्रों के अनुसार कांग्रेस को दी 17 सीटों में अमेठी, रायबरेली, बाराबंकी, सीतापुर, कैसरगंज, वाराणसी, अमरोहा, सहारनपुर, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, बुलंदशहर, फतेहपुर सीकरी, कानपुर, हाथरस, झांसी, महराजगंज और बागपत सीट दी थी। कांग्रेस ने सपा के इस प्रस्ताव पर अभी कोई प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की है। इससे पहले 11 सीटों का प्रस्ताव देने पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने असंतोष जताया था। इसके बाद सपा ने नए सिरे से सीटों का चयन कर सूची कांग्रेस नेतृत्व को भेजी थी।

सपा ने जारी की है दूसरी सूची

सपा ने सोमवार को लोकसभा चुनाव के लिए अपनी दूसरी सूची भी जारी की थी। इसमें मुजफ्फरनगर से हरेंद्र मलिक, आंवला से नीरज मौर्या, शाहजहांपुर से राजेश कश्यप, हरदोई से ऊषा वर्मा, मिश्रिख से रामपाल राजवंशी, मोहनलालगंज से आरके चौधरी, प्रतापगढ़ से डॉ. एसपी सिंह पटेल, बहराइच से रमेश गौतम, गोंडा से श्रेया वर्मा, गाजीपुर से अफजाल अंसारी और चंदौली से वीरेंद्र सिंह को उम्मीदवार घोषित किया है।

स्वामी प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव को भेजा पत्र

स्वामी प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव को भेजे पत्र में कहा है कि 13 फरवरी को भेजे गए पत्र पर वार्ता के लिए पहल न करने पर इस्तीफा दे रहा हूं। उन्होंने विधान परिषद के सभापित को पत्र में लिखा, मैं सपा के प्रत्याशी के रूप में विधानसभा, उत्तर प्रदेश निर्वाचन क्षेत्र से सदस्य, विधान परिषद उत्तर प्रदेश निर्वाचित हुआ हूं। चूंकि मैंने सपा की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया है इसलिए नैतिकता के आधार पर विधान परिषद उत्तर प्रदेश की सदस्यता से भी त्यागपत्र दे रहा हूं।

यह भी पढ़ें:

Connect With Us: Twitter Facebook

SHARE