Anup Jalota Birthday Special: भारतीय संगीत जगत में जब भी भक्ति संगीत और भजनों की बात होती है, तो अनूप जलोटा का नाम जुबां पर आता है। अपनी मधुर आवाज और आध्यात्मिक गायकी के लिए मशहूर अनूप जलोटा ने देश-विदेश में भजन संगीत को एक नई पहचान दिलाई है। भजन सम्राट के नाम से मशहूर अनूप जलोटा आज अपना 73वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनका जन्म 29 जुलाई 1953 को उत्तराखंड के नैनीताल में हुआ था। उनकी पहचान केवल एक भजन गायक तक सीमित नहीं रही। उनकी निजी जिंदगी, लव लाइफ और शादियां भी हमेशा चर्चाओं का विषय रहे हैं। चलिए अनूप जलोटा के जन्मदिन के मौके पर उनके संगीत के सफर, तीन शादियों, चर्चित रिश्तों, उपलब्धियों, पुरस्कारों और संपत्ति तक की पूरी कहानी जान लेते हैं।
भजन सम्राट बनने का सफर
अनूप जलोटा का जन्म नैनीताल में हुआ था। उनका संबंध संगीत से बचपन से ही रहा। उनके पिता पुरुषोत्तम दास जलोटा भी प्रसिद्ध शास्त्रीय गायक थे, जिनसे उन्हें संगीत की शुरुआती शिक्षा मिली। उन्होंने भारतीय शास्त्रीय संगीत की विधाओं में प्रशिक्षण लिया और बाद में भजन गायकी को अपना मुख्य क्षेत्र बनाया। उनकी आवाज में शास्त्रीय संगीत की गहराई और भक्ति भाव का अनोखा मेल देखने को मिला। “ऐसी लागी लगन”, “जग में सुंदर हैं दो नाम”, “रंग दे चुनरिया” जैसे भजनों ने उन्हें घर-घर में लोकप्रिय बना दिया। उनकी शैली ने भजन संगीत को बड़े मंचों और आम श्रोताओं तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
तीन शादियां भी बनीं चर्चा का विषय
अनूप जलोटा की निजी जिंदगी हमेशा लोगों की दिलचस्पी का विषय रही है। उन्होंने अपने जीवन में तीन शादियां कीं। उनकी पहली शादी गुजराती मूल की गायिका सोनाली सेठ से हुई थी। दोनों संगीत जगत से जुड़े थे और साथ में कार्यक्रम भी करते थे। हालांकि यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल पाया और दोनों अलग हो गए। इसके बाद अनूप जलोटा ने बीना भाटिया से दूसरी शादी की। यह विवाह भी लंबे समय तक नहीं चल सका और दोनों का तलाक हो गया। अनूप जलोटा ने तीसरी शादी मेधा गुजराल से की, जो पूर्व प्रधानमंत्री इंद्र कुमार गुजराल की भतीजी थीं। मेधा गुजराल का साल 2014 में निधन हो गया।
जसलीन मथारू के साथ भी जुड़ा नाम
अनूप जलोटा की जिंदगी का सबसे चर्चित अध्याय उनका नाम जसलीन मथारू के साथ जुड़ना रहा। साल 2018 में रियलिटी शो बिग बॉस 12 में दोनों ने बतौर जोड़ी एंट्री ली थी। शो में उनके रिश्ते को लेकर काफी चर्चा हुई और सोशल मीडिया पर भी यह मामला सुर्खियों में रहा। हालांकि बाद में दोनों ने कई बार साफ किया कि उनके रिश्ते को लेकर लोगों में गलतफहमी थी। इस पूरे मामले ने अनूप जलोटा को एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में ला दिया।
अनूप जलोटा के बड़े सम्मान और पुरस्कार
अनूप जलोटा को भारतीय संगीत में उनके योगदान के लिए कई सम्मान मिले हैं। साल 2012 में अनूप जलोटा को पद्म श्री सम्मान से नवाजा गया। यह पुरुस्कार उन्हें भारत सरकार द्वारा कला और संगीत के क्षेत्र में योगदान के लिए दिया गया। उन्हें संगीत जगत के कई प्रतिष्ठित पुरस्कार और सम्मान मिले हैं। उन्हें “भजन सम्राट” की उपाधि उनके प्रशंसकों और संगीत प्रेमियों द्वारा दी गई।
फिल्मों और टीवी में भी आजमाया हाथ
अनूप जलोटा ने केवल भजन गायकी तक खुद को सीमित नहीं रखा। उन्होंने फिल्मों में गायन के साथ-साथ एक्टिंग भी की। उन्होंने कई फिल्मों में संगीत से जुड़े काम किए और कुछ प्रोजेक्ट्स में अभिनय भी किया। इसके अलावा टेलीविजन कार्यक्रमों में बतौर जज और मेहमान भी नजर आए। उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वह अलग-अलग पीढ़ियों के दर्शकों के बीच पहचान बनाए रखने में सफल रहे हैं।
अनूप जलोटा की नेट वर्थ कितनी है?
प्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटा की कुल संपत्ति यानी नेट वर्थ लगभग 10 से 15 करोड़ रुपये बताई जाती है। वह देश और विदेश में लाइव कंसर्ट, स्टेज शो और गानों के माध्यम से अच्छी कमाई करते हैं। अनूप जलोटा भारत में एक लाइव शो के लिए लगभग 8 से 10 लाख रुपये और अंतरराष्ट्रीय शो के लिए 15 से 16 लाख रुपये तक चार्ज करते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, उनके देश-विदेश के कार्यक्रमों से उनकी मासिक आय करोड़ों में आंकी जाती है। उनके पास लग्जरी गाड़ियां और अन्य निवेश हैं, हालांकि वह खुद का पक्का घर न रखने और किराए या सामान्य जीवनशैली को प्राथमिकता देने को लेकर भी चर्चा में रहे हैं।


