तोशाम : किसान खेत मजदूर संगठन ने कैरू चौक पर किया प्रदर्शन

0
325

सुमन, तोशाम :
करनाल बसताडा टोल पर किसानों पर लाठीचार्ज के खिलाफ आल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन ने कैरू चौक पर विरोध प्रदर्शन कर प्रदेश सरकार का पुतला फूंका। किसानों ने एसडीएम आयुष सिन्हा को तुरंत बर्खास्त कर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। किसान नेता रोहताश सैनी ने बताया कि सरकार के इशारे पर पुलिस को किसानों के सिर फोड़ने का आदेश दिया हुआ था।लाठीचार्ज में दर्जनों किसान जख्मी हुए हैं। अनेकों किसानों के सिर फोड़े गए हैं व हाथ-पैर तोड़े गए हैं। यह कोई साधारण लाठीचार्ज नहीं है, बल्कि जनतांत्रिक अधिकारों का कुचलने की कुचेष्टा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शुरू से ही आंदोलन का दमन करती आ रही है। सैनी ने कहा कि खट्टर व मोदी सरकार घोर किसान विरोधी है।

किसान नेता ने कहा कि ये आज के जनरल डायर हैं। आज पूरे प्रदेश में लाठीचार्ज के खिलाफ विरोध दिवस मनाया गया है। संगठन ने खट्टर सरकार को चेतावनी दी कि किसान आंदोलन का दमन करने का काम बन्द करो। संगठन ने मांग करते हुए कहा कि बेकसूर किसानों पर लाठीचार्ज करने वाले सभी अधिकारियों पर मुकदमा दर्ज कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। किसानों पर दर्ज किए गए सभी झूठे मुकदमे रदद् किये जाएं। घायल किसानों का निशुल्क व उचित इलाज किया जाए व घायल किसानों को मुआवजा दिया जाए। प्रदेश के सभी किसानों व किसान संगठनों से अपील की है कि खट्टर सरकार की इस तानाशाही का मुंहतोड़ जवाब दिया जाए। प्रदर्शन में रोहताश सैनी, बस्तीराम, जिले सिंह, सुरेंद्र, नरसिंह, इंद्र सिंह, नत्थू राम, बलवान, सुखबीर, फूलसिंह, उदयबीर, वजीर सिंह, रामनिवास आदि ने हिस्सा लिया।

SHARE