Sushant’s suicide still continues in politics: सुशांत की आत्महत्या पर अब भी जारी है राजनीति 

0
441
फिल्म व टीवी अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत द्वारा १४ जून को आत्महत्या कर लेने से फिल्म इंडस्ट्री में उठा तूफान अब तक थमने का नाम नहीं ले रहा है। अनेक लोगों ने सुशांत की आत्महत्या को डिप्रेशन, आर्थिक लेनदेन, भाई-भतीजावाद आदि से जोड़ दिया है, तो कई ने यह भी कह दिया है कि उसके पास पैसे की तंगी थी। बात यहीं तक नहीं रूकती। सुशांत की मौत के डेढ़ महीने बाद उसके परिवार ने और बिहार की कुछ राजनैतिक पार्टियों ने केस सीबीआई को सौपने की मांग कर दी है। हालांकि महाराष्ट्र सरकार यह हाई प्रोफाइल केस सीबीआई को देने के लिए तैयार नहीं है। अब यह पूरा मामला सुप्रीम कोर्ट जा पंहुचा है। सुशांत के पिता केके सिंह ने सुशांत की आत्महत्या के लिए उसकी गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती को दोषी मानते हुए उसके खिलाफ एफआईआर की है। २५ जुलाई को एफआईआर  हुई और दूसरे ही दिन बिहार पुलिस केस की जांच के लिए मुंबई पहुंच गयी।
‘अहो आश्चर्यम’ तब हुआ जब देश के पिछड़े राज्यों में से एक बिहार की पुलिस सबसे महंगी माने जाने वाली बीएमडब्ल्यू कार में मुंबई की सड़कों पर घूमती हुई नजर आयी। चाहे किसी पुलिस अधिकारी से मिलने जाना हो या फिर सुशांत की बहन का स्टेटमेंट रेकॉर्ड करना हो, बिहार पुलिस उसी बीएमडब्ल्यू में ही नज़र आती रही। अब यह कार किसकी है, किसके कहने पर बिहार पुलिस इसमें घूम रही है- यह एक पृथक जांच का विषय है। वैसे बिहार पुलिस का कहना है कि मुंबई पुलिस उसे जांच में मदद नहीं कर रही है। यानी  मामले को लेकर सियासत भी बदस्तूर जारी है।
अब तक मुंबई पुलिस ने ५० से ज्यादा लोगों के बयान दर्ज किये हैं, जिनमें टेलीविजन जगत की अनेक नामचीन हस्तियों से पूछताछ हुई है। इनमें बॉलीवुड के  डायरेक्टर  संजय लीला भंसाली, आदित्य चोपड़ा आदि शामिल हैं, लेकिन सुशांत की आत्महत्या के कारण का अभी तक पता नहीं चल सका है। ऐसे में सुशांत के परिवारवालों ने उसकी गर्ल फ्रेंड रिया पर आरोप लगाया है कि रिया के कहने पर सुशांत ने अपने बैंक एकाउंट से १५ करोड़ रुपये ट्रांसफर कर उसकी कम्पनी में लगाये थे। इस कम्पनी में सुशांत का भाई और रिया भी डायरेक्टर हैं। इतना ही नहीं, सुशांत के पिता का आरोप है कि रिया ने सुशांत के मैनेजर, ड्राइवर और घर में काम करने वाले नौकरों को हटाकर अपने विश्वासपात्रों को रख लिया था।  परिवारजनों का यह भी आरोप है कि रिया ने कुछ भी करने में बाकी नहीं रखा। यहां तक कि उसने यह अफवाह फैलाई कि सुशांत पागल हो गया है। रिया उस पर दबाव डालती थी कि वह मीडिया को बता देगी कि सुशांत पागल हो गया है। सुशांत के पिता ने आरोप लगाया है कि रिया के दबाव के चलते ही सुशांत ने आत्महत्या की है।
जो भी हो, एक बात तो साफ़ है कि सुशांत की आत्महत्या के पीछे कई कारण थे। मुंबई पुलिस ने इस मामले में भाई-भतीजावाद से लेकर उसका यश राज फिल्म्स के साथ कॉन्ट्रेक्ट टूट जाने की भी जांच की है। सिने स्टार कंगना रानौत ने भी आरोप लगाया है कि सुशांत की मौत के लिये इंडस्ट्री में पनप रहा भाई-भतीजावाद जिम्मेदार है। हर किसी ने इस मामले में खुद की दुश्मनी निकाली है। कई लोगों ने तो करण जौहर और सलमान खान को भी दोषी ठहराया है। बात इससे भी आगे जाती है। कुछ लोगों ने तो यह भी बताया है कि सुशांत को रात में भूत-प्रेत के सपने बहुत आते थे। जो भी हो, सचाई यही है कि अब सुशांत इस दुनिया में नहीं है। सुशांत ने ख़ुदकुशी करके अपना जीवन समाप्त कर लिया और वह अपने पीछे कई सवाल छोड़ गया है। जब कई सवालों के जवाब मुंबई पुलिस ढूंढ़ रही थी, बिहार पुलिस भी इसकी जांच में जुट गयी है। बिहार पुलिस में एफआईआर कर सुशांत के पिता ने सीधे तौर पर रिया पर आरोप लगाए हैं। जो भी हो, एक बात तो थी कि सुशांत का परिवार रिया को पसंद नहीं करता  था। सुशांत की बहन इंस्टाग्राम पर अंकिता लोखंडे को फॉलो करती है लेकिन रिया को नहीं। न ही रिया तीनों बहनों में से किसी को फॉलो करती थी।
सुशांत की आत्महत्या का कारण जो भी रहा हो, लेकिन अब इस आत्महत्या ने सघन राजनीति का स्वरूप ले लिया है। चिराग पासवान, नितीश कुमार, तेजस्वी यादव आदि ने भी इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपने की मांग की है। बहरहाल, महाराष्ट्र सरकार ने साफ़ किया है कि जांच सीबीआई को नहीं सौंपी जाएगी। जो भी जांच होगी, वह मुंबई पुलिस ही करेगी। ऐसे में बिहार पुलिस ने केस फ़ाईल कर दिया है। मुंबई पुलिस में अभी भी सुशांत की आत्महत्या को लेकर एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट यानी कि एडीआर है। एफआईआर सिर्फ बिहार पुलिस ने की है। मुंबई पुलिस के सामने पिछले करीब डेढ़ महीने में सुशांत के परिवार से उनकी तीन बहनों या पिता में से किसी ने भी रिया पर कोई आरोप नहीं लगाया था। उन्होंने पुलिस को बताया था कि सुशांत डिप्रेशन में था और उसका इलाज चल रहा था। ऐसे में सवाल यह भी उठता है कि सुशांत के परिवार ने जो बात बिहार पुलिस को कही, वह मुंबई पुलिस को क्यों नहीं बतायी? क्यों वे मुंबई पुलिस को बार-बार सुशांत के सिर्फ डिप्रेशन में होने की बात कर रहे थे।
बिहार पुलिस ने मुंबई आकर बैंक अधिकारियों से बात कर उसके एकाउंट स्टेटमेंट निकलवाये और जांच की कि क्यों सुशांत ने १५ करोड़ रुपये ट्रांसफर किये? एक बात साफ़ है कि सुशांत की आत्महत्या से बॉलीवुड को जबरदस्त सदमा तो पंहुचा है, लेकिन उनसे जुड़े लोग राजनीति करने से बाज नहीं आ रहे हैं।
SHARE