Noida Violence Case : नोएडा हिंसा मामला,तीन मुख्य साजिशकर्ता चिन्हित, 2 गिरफ्तार

0
395
Noida Violence Case Three Main Conspirators Identified, Two Arrested
  • पुलिस को मिले अहम सबूत, पाकिस्तान कनेक्शन की जांच तेज

Noida Violence Case(आज समाज नेटवर्क)नोएडा। श्रमिकों के हिंसक प्रदर्शन के मामले में पुलिस जांच लगातार तेज होती जा रही है। गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट पुलिस ने इस प्रकरण में तीन मुख्य साजिशकर्ताओं की पहचान करने का दावा किया है। इनमें से रूपेश राय और मनीषा चौहान को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि आदित्य आनंद अभी फरार बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपी हिंसा के दौरान नोएडा में मौजूद थे और श्रमिकों को भड़काने में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे।

पुलिस की जांच में तीन संगठनों के नाम सामने आए हैं। इनमें ‘मजदूर बिगुल दस्ता’ प्रमुख है। बताया जा रहा है कि इस संगठन का नेतृत्व रूपेश राय कर रहा था और इसके जरिए श्रमिकों को संगठित कर उग्र प्रदर्शन के लिए उकसाया गया था। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने 9 और 10 अप्रैल को व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर बड़ी संख्या में श्रमिकों को जोड़ा। इन ग्रुप्स के माध्यम से लोगों को सड़कों पर उतरने, आगजनी और तोड़फोड़ के लिए उकसाया गया।

पुलिस का कहना है कि डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल कर सुनियोजित तरीके से हिंसा फैलाने की साजिश रची गई। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के मुताबिक जांच के दौरान दो संदिग्ध X (पूर्व ट्विटर) हैंडल ‘Meer Ilayasi’ और ‘Ayushi Tiwari’ की जानकारी मिली है। प्लेटफॉर्म से प्राप्त डाटा के अनुसार ये हैंडल पिछले तीन महीनों से सक्रिय थे और पाकिस्तान से संचालित किए जा रहे थे।

सूत्रों का कहना है कि इन हैंडल्स को ऑपरेट करने में VPN का इस्तेमाल कर लोकेशन छिपाने की कोशिश की गई। पुलिस ने इनसे जुड़े बैक-एंड डाटा की मांग की है। इसके अलावा ‘Proud Indian’ और ‘Meer Ilayasi Inc’ नाम के अकाउंट्स के खिलाफ सेक्टर-20 थाने में मुकदमा भी दर्ज किया गया है।

62 गिरफ्तार, 13 मुकदमे दर्ज

पुलिस कमिश्नर के अनुसार अब तक नोएडा हिंसा मामले में कुल 62 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें साजिशकर्ता, आगजनी और उपद्रव में शामिल आरोपी शामिल हैं। सभी को जेल भेज दिया गया है। इस मामले में कुल 13 मुकदमे दर्ज किए गए हैं।जांच में यह भी सामने आया है कि 31 मार्च और 1 अप्रैल को रूपेश राय, मनीषा चौहान और आदित्य आनंद नोएडा में एक साथ मौजूद थे। इसके बाद उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर श्रमिकों को हिंसा के लिए उकसाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।

  • TAGS
  • [post_tags]