Deoria RSS Worker Killing News: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के लार थाना क्षेत्र में RSS कार्यकर्ता रामेश्वर तिवारी की पीट-पीटकर हत्या के बाद पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में छह नामजद और 10 अज्ञात लोगों समेत कुल 16 आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस की लापरवाही सामने आने पर थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें लगाई गई हैं।
स्पीड ब्रेकर को लेकर हुआ था विवाद
घटना लार थाना क्षेत्र के भीखमछपरा गांव की है। गांव में सड़क निर्माण के दौरान रामेश्वर तिवारी के घर के सामने स्पीड ब्रेकर बनवाने को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद मारपीट हुई, जिसमें रामेश्वर तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया और बाद में देवरिया मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। रामेश्वर तिवारी की उम्र 50-55 वर्ष के आसपास बताई गई है। वे रक्शा ग्राम पंचायत के भीखमछपरा टोला के निवासी और RSS से जुड़े कार्यकर्ता थे।
छह नामजद और 10 अज्ञात पर FIR
पुलिस के अनुसार रामेश्वर तिवारी की पत्नी अमृता देवी की तहरीर के आधार पर संजय तिवारी, दीपक तिवारी, प्रांजल तिवारी, अभिनित तिवारी, आदित्य तिवारी और निखिल तिवारी को नामजद किया गया है। इनके अलावा 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें गठित की हैं। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
SHO समेत चार पुलिसकर्मी निलंबित
घटना के बाद पुलिस की भूमिका को लेकर भी सवाल उठे। देवरिया के SP अभिजीत आर. शंकर ने लार थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक राममूरत, बीट कांस्टेबल प्रीतम भारती और चंद्रभान को निलंबित कर दिया। अधिकारियों के अनुसार इन कर्मचारियों पर प्रथमदृष्टया लापरवाही पाए जाने के बाद कार्रवाई की गई। निलंबन के बाद निर्भय कुमार को लार थाने का नया प्रभारी बनाया गया है। परिजनों ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि आरोपियों के साथ पहले भी विवाद होते रहे थे। पैतृक जमीन के ऊपर से तार ले जाने को लेकर भी विवाद हुआ था और इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी गई थी। परिजनों का आरोप है कि उस समय कार्रवाई नहीं हुई। इन आरोपों की भी अब जांच की जा रही है।
DIG ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
शुक्रवार को गोरखपुर जोन के DIG एस. चन्नप्पा पुलिस अधीक्षक के साथ भीखमछपरा गांव पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और रामेश्वर तिवारी के परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। DIG ने पुलिस अधिकारियों को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित टीमों की कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए। DIG के मुताबिक मारपीट की घटना में रामेश्वर तिवारी की मौत हुई है और मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि घटना में जो भी लोग शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।


