A massive fire broke out at a paint factory : गाजियाबाद में पेंट फैक्ट्री में भीषण आग, 4 जिलों की 20 दमकल गाड़ियों ने 6 घंटे में पाया काबू

0
289
A massive fire broke out at a paint factory in Ghaziabad, which was brought under control within six hours by 20 fire engines from four districts.

Uttar Pradesh News (आज समाज नेटवर्क) गाजियाबाद। मेरठ रोड स्थित मैनापुर इंडस्ट्रियल एरिया में गुरुवार रात पेंट बनाने वाली एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि इसकी लपटें कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही थीं। आग फैलते ही कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई।

फैक्ट्री में रखे केमिकल से भरे ड्रम तेज धमाकों के साथ फटने लगे, जिससे आग और भड़क गई।पास में स्थित एक स्क्रैप फैक्ट्री भी इसकी चपेट में आ गई।सूचना मिलते ही गाजियाबाद के विभिन्न फायर स्टेशनों से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए मेरठ, हापुड़ और नोएडा से भी दमकल की गाड़ियां बुलानी पड़ीं। करीब 6 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

फोम केमिकल की मदद से करीब छह घंटे बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया

मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल के अनुसार, मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र के मैनापुर इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित अरविंद केमिकल्स पेंट फैक्ट्री में आग लगी थी, जो पास की सरल स्क्रैप फैक्ट्री तक फैल गई। मौके पर पहुंची फायर टीम ने तुरंत होज लाइन बिछाकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन तेज लपटों और काले धुएं के कारण आग तेजी से फैलती चली गई।आग की तीव्रता के कारण एक फैक्ट्री का टीनशेड ढांचा गिरने लगा, जिससे दमकलकर्मियों को अंदर पहुंचने में दिक्कत हुई।

फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है

इसके बाद जेसीबी और बुलडोजर की मदद से फैक्ट्री की दीवारें तोड़ी गईं, ताकि दमकल की टीमें अंदर पहुंचकर आग पर काबू पा सकें।इस अभियान में गाजियाबाद के अलावा साहिबाबाद, मोदीनगर, लोनी, मेरठ, हापुड़ और नोएडा से दमकल की कुल 20 गाड़ियां और आर्टिकुलेटिंग वॉटर टॉवर मौके पर लगाए गए। फोम केमिकल की मदद से करीब छह घंटे बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। आग से भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़े:-A young man was sacrificed due to superstition : अंधविश्वास में युवक की बलि, 15 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार

  • TAGS
  • [post_tags]