Haryana News: बच्ची पर ईंट से हमला करने वाले छात्र के बारे में चौंकाने वाला खुलासा, पूरी बात जानकर हिल जाएगा दिमाग!

0
169

Panchkula School Assault: पंचकूला के एक स्कूल में छह वर्षीय बच्ची को ईंट से हमला करने के आरोपी छात्र के बारे में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी आठ वर्षीय बच्चे में कंडक्ट डिसऑर्डर (आचरण संबंधी विकार) और अटेंशन डेफिसिट हाइपरएक्टिविटी डिसऑर्डर (ADHD) के लक्षण मिले हैं। चंडीगढ़ के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के मेडिकल बोर्ड ने अपनी रिपोर्ट में बच्चे का निगरानी में रखकर इलाज करने की बात कही है।

बच्चे का मनोवैज्ञानिक परीक्षण हुआ

मेडिकल बोर्ड ने यह रिपोर्ट 2 नवंबर को तैयार की थी। पंचकूला के सेक्टर-20 पुलिस थाने ने 30 अक्टूबर को पत्र लिखकर बच्चे की चिकित्सकीय जांच कराने का अनुरोध किया था। इसके बाद मनोचिकित्सा विभाग में मेडिकल बोर्ड गठित किया गया। बोर्ड ने 31 अक्टूबर और 2 नवंबर को बच्चे की बाह्य रोगी के रूप में जांच की। इस दौरान माता-पिता से विस्तृत जानकारी ली गई और क्लीनिकल इंटरव्यू के साथ दो मनोवैज्ञानिक परीक्षण भी किए गए।

जांच में हाइपर एक्टिव दिखा बच्चा

रिपोर्ट के अनुसार, बच्चे में कंडक्ट डिसऑर्डर के साथ ADHD के संकेत मिले हैं। बुद्धिमत्ता परीक्षण में उसका स्तर औसत पाया गया। MISIC परीक्षण में उसका फुल स्केल IQ 102 दर्ज किया गया।
मेडिकल बोर्ड के मुताबिक, जांच के दौरान बच्चा अतिसक्रिय दिखाई दिया, लेकिन माता-पिता से अलग रहने पर सहज था। कथित घटना के बारे में पूछे जाने पर उसने ज्यादा जानकारी नहीं दी और इस बारे में विस्तार से बात करने से परहेज किया।

व्यवहार संबंधी पहलू सामने आए

मनोवैज्ञानिक परीक्षण में बच्चे की प्रतिक्रियाओं से कुछ व्यवहार संबंधी पहलू सामने आए। रिपोर्ट के अनुसार, इनमें भावनात्मक सहयोग की कमी महसूस करना, अधिकार रखने वाले लोगों को दंड देने वाले रूप में देखना, बाहरी निर्देशों का विरोध करना और अपने व्यवहार पर विचार करने तथा उसे नियंत्रित करने की सीमित क्षमता जैसे पहलू शामिल हैं।

बच्चे को इलाज की जरूरत पर जोर

मेडिकल बोर्ड ने अपनी समग्र राय में कहा है कि बच्चे को उचित और लगातार उपचार की जरूरत है। यह उपचार निगरानी में किया जाना चाहिए। रिपोर्ट पर जीएमसीएच-32 के मनोचिकित्सा विभाग के तीन विशेषज्ञों के हस्ताक्षर हैं।

28 अक्तूबर को बच्ची पर हमला

गौरतलब है कि 28 अक्टूबर को पंचकूला के एक स्कूल में छह वर्षीय बच्ची पर हमले की घटना हुई थी। आरोप है कि बच्चे ने बच्ची को हाथ-पैर से पीटने के अलावा उसके सिर पर कई बार ईंट से वार किया था। घायल बच्ची की हालत अब खतरे से बाहर है और अस्पताल से उसी छुट्टी मिल गई है।

  • TAGS
  • [post_tags]