मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने युद्ध नशों विरुद्ध के दूसरे चरण की समीक्षा की
Punjab Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब में नशे को जड़ से खत्म करने के लिए सरकार ने एक मार्च 2025 से विशेष अभियान चलाया हुआ है। इस अभियान का पिछले दिनों प्रदेश में दूसरा चरण शुरू किया गया था। इस चरण की समीक्षा करते हुए सीएम मान ने कहा कि युद्ध नशों विरुद्ध अभियान का दूसरा चरण नशा समस्या की जड़ पर प्रहार करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
राज्य सरकार गांव स्तर पर लोगों को संगठित कर और पूरे पंजाब में जनभागीदारी बढ़ाकर नशों के खिलाफ अब तक की अपनी सबसे सशक्त जन-आंदोलनात्मक मुहिम को तेज करने जा रही है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अगले महीने ग्राम रक्षा समितियों (वीडीसी) की एक बड़ी राज्य-स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि मुहिम को नई गति और दिशा दी जा सके। यह सरकार के नशा-विरोधी अभियान को जन-नेतृत्व वाली जन-आंदोलन में बदलने के संकल्प का स्पष्ट संकेत है।
नशा एक वैश्विक समस्या बन चुका
युद्ध नशों विरुद्ध के दूसरे चरण के क्रियान्वयन की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि नशा एक वैश्विक समस्या है, लेकिन दुनिया में कहीं भी इस बुराई के खिलाफ इतनी मजबूती से जंग शुरू नहीं की गई। पंजाब को नशा-मुक्त बनाने के लिए ग्राम रक्षा समितियों (वीडीसी) के रूप में गांवों के पहरेदार की 1.50 लाख सदस्यों वाली एक सशक्त टीम का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि इस अभियान को आगे बढ़ाने के लिए अगले महीने इन वीडीसीज की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई जाएगी।
वीडीसी सदस्यों को दिए जाएंगे पहचान पत्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बैठक में वीडीसी सदस्य अपने-अपने गांवों को नशा-मुक्त बनाने का संकल्प लेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि पंजाब सरकार इस नेक कार्य के लिए उन्हें पूरा समर्थन और सहयोग सुनिश्चित करेगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को वीडीसीज सदस्यों को शीघ्र पहचान पत्र जारी करने के निर्देश भी दिए, ताकि उनके महत्वपूर्ण कार्य को उचित मान्यता मिल सके। भगवंत सिंह मान ने कहा कि किसी भी अभियान की सफलता के लिए जनभागीदारी आवश्यक है। इसे लंबे समय तक जारी रखने के लिए भी यह अनिवार्य है।
ये भी पढ़ें : Chandigarh Crime News : 2.1 किलो हेरोइन सहित नशा तस्कर काबू


