पकड़े गए आरोपियों से पुलिस ने बरामद किए नशीले पदार्थ, दिनभर 324 स्थानों पर दी पुलिस ने दबिश
Chandigarh Crime News (आज समाज), चंडीगढ़ : प्रदेश से नशों के खात्मे के लिए चलाई गई नशों के खिलाफ जंग युद्ध नशे विरुद्ध के लगातार 296वें दिन पंजाब पुलिस ने आज 324 स्थानों पर छापेमारी की, जिससे पूरे राज्य में 100 नशा तस्करों को गिरफ्तार करने के बाद 75 एफआईआर दर्ज हुईं। इसके साथ ही, 296 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 41,291 हो गई है। छापों के नतीजे के रूप में गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों के कब्जे से 331 ग्राम हेरोइन, 854 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 10,080 रुपये की ड्रग मनी बरामद हुई है।
कैबिनेट सब कमेटी कर रही अभियान की निगरानी
जिक्रयोग्य है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पुलिस कमिश्नरों, डिप्टी कमिश्नरों और सीनियर पुलिस सुपरिंटेंडेंट को पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के लिए कहा है। पंजाब सरकार ने नशों के खिलाफ जंग की निगरानी के लिए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की अगुवाई में 5 सदस्यीय कैबिनेट सब कमेटी का गठन भी किया है। 66 गजेटिड अधिकारियों की निगरानी में 1000 से अधिक पुलिस कर्मियों वाली 120 से ज्यादा पुलिस टीमों ने राज्य भर में 324 छापे मारे हैं। पुलिस टीमों ने दिन भर चले इस आॅपरेशन के दौरान 339 संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग भी की है।
लोगों को नशों के खिलाफ किया जा रहा जागरूक
राज्य सरकार ने राज्य से नशों के खात्मे के लिए तीन-आयामी रणनीति – इन्फोर्समेंट, डी-एडिक्शन एंड प्रीवेंशन लागू की है। पंजाब पुलिस ने नशा मुक्ति के हिस्से के रूप में आज 43 व्यक्तियों को नशा मुक्ति और पुनर्वास का उपचार करवाने के लिए राजी किया है। अभियान संबंधी विस्तृत जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आने वाले दिनों में भी प्रदेश में यह अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि एक तरफ जहां सीमा पार से हो रही नशा तस्करी को रोकने के लिए प्रदेश पुलिस लगातार प्रयास कर रही है वहीं प्रदेश के अंदर फैली इस बुराई को भी जड़ से समाप्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं।


