पंजाब सरकार द्वारा खेल एवं जूता निर्माण क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए एफडीडीआई के साथ समझौता
Punjab Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार का यह उद्देश्य है कि प्रदेश के व्यापार विशेषकर निर्यात को बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य को हासिल करने के लिए प्रदेश सरकार लगातार प्रयासरत्त है। इन्हीं प्रयासों के चलते पंजाब के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग ने राष्ट्रीय स्तर की केंद्रीय संस्था फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (एफडीडीआई) के साथ एक रणनीतिक समझौता (एमओयू) किया है।
इस समझौते से राज्य में खेल सामग्री, जूते और चमड़े के सामान के निर्माण क्षेत्र को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा हमारा उद्देश्य इस क्षेत्र को आधुनिक परीक्षण अवसंरचना, कुशल कार्यबल, डिजाइन एवं नवाचार तथा बाजार से मजबूत संपर्क उपलब्ध कराना है। इस साझेदारी से हमारे एमएसएमई राष्ट्रीय और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं का हिस्सा बन सकेंगे तथा अपनी निर्यात क्षमता बढ़ा सकेंगे।
जालंधर में स्थापित की जाएगी लैब
उद्योग मंत्री ने आगे बताया कि इस साझेदारी के तहत खेल सामग्री के देश के प्रमुख निर्माण केंद्रों में से एक जालंधर में एक प्रस्तावित स्पोर्ट्स गुड्स टेस्टिंग एंड डेवलपमेंट लैब स्थापित की जाएगी। इसके अतिरिक्त, राज्यभर में फुटवियर एवं एक्सेसरीज परीक्षण हेतु सैंपल कलेक्शन सेंटर स्थापित किए जाएंगे, जिससे सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को अपनी उत्पादन इकाइयों के निकट ही मानक परीक्षण सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
अमन अरोड़ा ने कहा कि इस समझौते में एक सेंटर आॅफ एक्सीलेंस तथा मजबूत कौशल विकास ढांचा भी शामिल होगा, जो उद्योग, शैक्षणिक संस्थानों, स्टार्टअप्स और तकनीकी विशेषज्ञों को एक मंच पर लाएगा। विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम डिजाइन, उत्पाद निर्माण, गुणवत्ता आश्वासन, खुदरा व्यापार तथा फैशन एक्सेसरीज जैसे उभरते क्षेत्रों पर केंद्रित होंगे।
यह अवसंरचना निमार्ताओं को उत्पाद विकास का समय घटाने, प्रमुख ब्रांडों के सख्त तकनीकी मानकों को पूरा करने तथा घरेलू एवं निर्यात बाजारों में प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने में सहायता करेगी।


