
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आम आदमी पार्टी की रणनीति पर उठाए सवाल
Punjab News (आज समाज), चंडीगढ़। एक तरफ जहां पंजाब सरकार प्रदेश से नशा पूरी तरह खत्म करने के अपने अभियान को लगातार सफल होता बता रही है तो वहीं विपक्षी पार्टियां सरकार की रणनीति पर लगातार सवालिया निशान लगा रही हैं। इसी बीच पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार के दौरान पंजाब में नशे की समस्या कई गुना बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या खत्म करने की बात तो दूर, आप सरकार के कार्यकाल के दौरान यह और भी गंभीर रूप धारण कर चुकी है।
युवा वर्ग तेजी से नशे की चपेट में आ रहा
आज शायद ही कोई ऐसा परिवार होगा जो इस समस्या से प्रभावित न हो या अपने बच्चों के नशे की चपेट में आने को लेकर चिंतित न हो। कांग्रेस भवन में राजा वड़िंग ने मेनिफेस्टो कमेटी के चेयरमैन डा. अमर सिंह और पूर्व मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू की मौजूदगी में सरकार से चार सवालों के जवाब मांगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने युद्ध नशों के विरुद्ध अभियान पर करोड़ों रुपये खर्च किए हैं। अगर यह अभियान सफल रहा है, तो फिर राज्य में नशे के कारण लगातार मौतें क्यों बढ़ रही हैं। वड़िंग ने पूछा कि उसके बाद नशे के कारण हुई कितनी मौतों के मामलों में अब तक कितने जिला पुलिस प्रमुखों को जिम्मेदार ठहराया गया है।
सज्जन कुमार पर दिया बयान दीपेंद्र हुड्डा की निजी राय
हरियाणा के सांसद दीपेंद्र हुड्डा द्वारा 1984 के दिल्ली विरोधी सिख दंगों में सिखों की हत्या के आरोप में उम्रकैद की सजा काट रहे सज्जन कुमार की तारीफ किए जाने के संबंध में सवाल के जवाब में वड़िंग ने कहा कि कोई भी समझदार व्यक्ति, चाहे वह सिख हो या गैर-सिख, 1984 के दर्द और त्रासदी को नहीं भूल सकता। उन्होंने कहा कि सज्जन कुमार को कानून के अनुसार सजा मिल चुकी है और दीपेंद्र हुड्डा द्वारा दिया गया बयान उनकी निजी राय है, कांग्रेस पार्टी की नहीं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने भी कई मौकों पर 1984 की त्रासदी पर अपना दुख व्यक्त किया है।

