कहा, हिमाचल सरकार जानबूझकर पंजाब पर वित्तीय बोझ डालने की कोशिश कर रही
Punjab News (आज समाज), चंडीगढ़। पंजाब के कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार द्वारा भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड (बीबीएमबी) पर 500 करोड़ रुपए का निराधार और गैर-कानूनी वित्तीय बोझ डालने के लिए कड़ी निंदा की। उन्होंने इसे संघीय सिद्धांतों पर हमला और पंजाब के हितों के खिलाफ सीधी साजिश बताया। गोयल ने स्पष्ट किया कि इस तथाकथितनए सेस का कोई कानूनी आधार नहीं है और यह कांग्रेस की पुरानी दादागिरी का एक और उदाहरण है। उन्होंने याद दिलाया कि पहले भी, हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने वॉटर सेस लगाने की कोशिश की थी, जिसे चुनौती दी गई थी और आखिरकार गैर-कानूनी बताकर वापस ले लिया गया था।
मनमाने फैसले ले रही हिमाचल सरकार
गोयल ने कहा कि वॉटर सेस की कोशिश में फेल होने के बाद, कांग्रेस सरकार अब एक और अजीब टैक्स लेकर आई है। किसी को नहीं पता कि उन्होंने कौन सा कानून सहारा लिया है, यह टैक्स कहां से आया है, या किस अधिकार के तहत उन्होंने मनमाने ढंग से जमीन, मशीनरी और इंफ्रास्ट्रक्चर की कीमत तय की है। आप मंत्री ने खुलासा किया कि उपलब्ध जानकारी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ने खुद सबके सामने माना है कि उन्होंने शुरू में 4 प्रतिशत टैक्स लगाने की योजना बनाई थी, लेकिन बाद में इसे घटाकर 2 प्रतिशत कर दिया और फिर एकतरफा तौर पर बीबीएमबी से 500 करोड़ रुपये अपने तथाकथित ‘टैक्स शेयर’ के तौर पर ऐलान किए।
गैर-संवैधानिक और गैर-कानूनी बताया
गोयल ने इस कदम को पूरी तरह से गैर-संवैधानिक और गैर-कानूनी बताया। उन्होंने कहा कि बीबीएमबी में पंजाब का बड़ा हिस्सा है, और यह मनमाना फैसला सीधे तौर पर पंजाब के हितों को नुकसान पहुंचाता है। हमने बीबएमबी को पत्र लिखकर स्पष्ट कर दिया है कि यह टैक्स लगाना गैर-कानूनी और मंजूर नहीं है। हम इस मुद्दे को बीबीएमबी के सामने, कोर्ट में और हर संभव मंच पर पूरी ताकत से उठाएंगे।कांग्रेस पर हमला करते हुए गोयल ने कहा कि जब भी कांग्रेस सत्ता में रही है, पंजाब के साथ हमेशा से अन्याय हुआ है।
पंजाब के पानी को लूटा गया
उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस पंजाब और केंद्र में सत्ता में थी, तो पंजाब के पानी को लूटा गया। आज हिमाचल सरकार के जरिए कांग्रेस की वही सोच फिर से सामने आ गई है। यह कांग्रेस का असली चेहरा है, जो पंजाब और किसान विरोधी है।उन्होंने पंजाब कांग्रेस के नेताओं पर शर्मनाक चुप्पी बनाए रखने और असल में पंजाब के खिलाफ खड़े होने के लिए भी निशाना साधा। गोयल ने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि पंजाब कांग्रेस के नेताओं ने पंजाब के हक के लिए आवाज उठाने के बजाय अपने ही राज्य के खिलाफ खड़े होने का रास्ता चुना है।
ये भी पढ़ें : Amritsar Crime News : 100 करोड़ रुपए की हेरोइन सहित चार काबू


