Amritsar Crime News : 100 करोड़ रुपए की हेरोइन सहित चार काबू

0
114
Amritsar Crime News : 100 करोड़ रुपए की हेरोइन सहित चार काबू
Amritsar Crime News : 100 करोड़ रुपए की हेरोइन सहित चार काबू

पाकिस्तान से मंगवा रहे थे नशे की खेप, अमृतसर पुलिस ने पकड़े, गांव भिंडी औलख के खेतों से बरामद की गई नशे की खेप

Amritsar Crime News (आज समाज), अमृतसर : सीमा पार तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ), बॉर्डर रेंज ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ संयुक्त आॅपरेशन में नशों की सप्लाई चेन का संचालन करने वाले मुख्य संचालक सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 19.980 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है।

यह जानकारी पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने दी। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान साहिबजीत सिंह उर्फ साहिब और राजविंदर सिंह उर्फ गोलू, दोनों निवासी पुराना नरायणगढ़, अमृतसर; आशू शर्मा उर्फ आशू निवासी छेहरटा, अमृतसर तथा एक 17 वर्षीय नाबालिग निवासी अमृतसर के रूप में हुई है। हेरोइन की खेप बरामद करने के अलावा पुलिस टीमों ने उनकी मारुति ब्रेजा कार और दो मोटरसाइकिलें भी जब्त कर ली हैं।

पुलिस कर रही मामले की जांच

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी पाकिस्तान-आधारित हैंडलरों से जुड़े हुए थे और पूरे क्षेत्र में नशीले पदार्थों की डिलीवरी और वितरण कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सीमा पार हैंडलरों की पहचान करने, सप्लाई रूट्स का पता लगाने और पूरे नेटवर्क का पदार्फाश करने के लिए आगे की जांच जारी है।

ड्रोन के माध्यम से मंगवाई थी नशे की खेप

इस आॅपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए एसपी एएनटीएफ बॉर्डर रेंज गुरप्रीत सिंह ने बताया कि पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि आरोपी ड्रोन के माध्यम से तस्करी की गई हेरोइन की खेप प्राप्त करने के लिए सीमावर्ती क्षेत्र की ओर गए हैं। उन्होंने बताया कि इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एएनटीएफ और बीएसएफ की संयुक्त टीम द्वारा एक रणनीतिक स्थान पर नाका लगाया गया और अपराध में प्रयुक्त ब्रेजा कार सहित चारों आरोपियों को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया गया।

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खुलासों के आधार पर जिला अमृतसर के थाना भिंडी सैदां के अधिकार क्षेत्र अंतर्गत बीओपी घोगा में संयुक्त तलाशी अभियान चलाया गया। इस तलाशी अभियान के दौरान गांव भिंडी औलख के निकट खेतों से पांच पैकेटों में पैक की गई 19.980 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई।