पंजाब सीएम ने पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ती कीमतों पर केंद्र सरकार की निंदा की
Punjab CM News (आज समाज), चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने देश में बढ़ रही महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। मान ने कहा है कि पिछले कुछ दिनों से देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि कर दी गई। इसका सीधा असर लोगों पर पड़ेगा।
मान ने कहा कि इस वृद्धि से आम लोगों के जीवन से जुड़ी सभी जरूरी वस्तुओं के दाम बढ़ेंगे और यह लोगों के लिए परेशानी का सबब बन जाएगा। मान ने कहा कि चुनाव के तुरंत बाद एक बार फिर आम लोगों पर भारी कीमतों का बोझ डाल दिया गया है, जबकि सत्ता पर काबिज लोग खर्चों में कटौती और बचत करने के बारे में नागरिकों को भाषण देते रहते हैं।
महंगाई से जूझ रही देश की जनता
उन्होंने कहा कि देश भर के लोग महंगाई, बढ़ती परिवहन लागत और बढ़ते घरेलू खर्चों की मार से जूझ रहे हैं, लेकिन उन्हें राहत देने के बजाय केंद्र सरकार नागरिकों से निजी खर्च कम करने के लिए कह रही है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि प्रधानमंत्री देश के लोगों को बचत करने का सबक देते हुए विदेश घूम रहे हैं। उन्होंने बताया कि आम नागरिकों को बार-बार अनावश्यक यात्रा से बचने और खर्चे घटाने की सलाह दी जाती है, जबकि प्रधानमंत्री खुद जनता के खर्च पर लगातार विदेशी दौरे कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि अगर देश के लोगों को विदेश यात्रा करना बंद कर देना चाहिए और घर से काम करना चाहिए, तो क्या प्रधानमंत्री घर से काम नहीं कर सकते? उन्होंने आगे कहा कि पूरी दुनिया युद्ध और वैश्विक अर्थव्यवस्था के उतार-चढ़ाव से प्रभावित हुई है, लेकिन किसी अन्य देश के प्रमुख ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरह नागरिकों को बचत करने की सलाह नहीं दी। उन्होंने कहा कि बेतुकी सलाह और भाषणों के बजाय लोग महंगाई को नियंत्रित करने और घरों, किसानों तथा छोटे कारोबारियों पर वित्तीय बोझ कम करने के लिए ठोस कदमों की उम्मीद करते हैं।
आर्थिक अस्थिरता से दुनिया भर के देश प्रभावित
वैश्विक प्रभाव पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि युद्ध और आर्थिक अस्थिरता ने दुनिया भर के देशों को प्रभावित किया है, लेकिन अन्य देशों की सरकारें उच्च कीमतों और खर्चों पर नैतिक भाषणों के जरिए जनता पर बोझ डालने के बजाय नागरिकों को राहत प्रदान करने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने आगे कहा कि युद्ध ने पूरी दुनिया को प्रभावित किया है, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के अलावा किसी अन्य देश के प्रमुख ने अपने नागरिकों को इस तरह बचत पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह नहीं दी।
ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : पंजाब के अधिकारों पर डाका नहीं पड़ने देंगे : बीरेंद्र कुमार


