कहा, विकसित भारत जी-राम-जी योजना को लेकर प्रदेश सरकार लोगों में फैला रही भ्रम
Chandigarh Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने बताया कि पार्टी गरीबों के हित में बनाई गई विकसित भारत जी-राम-जी योजना को लेकर जन-जागरुकता के लिए 7 जनवरी से एक अभियान शुरू करेगी। भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश सरकार राजनीतिक साजिश के तहत इस योजना को लेकर प्रदेश के लोगों में भ्रम फैला री है। जिसे जल्द से जल्द दूर किया जाएगा। इस अभियान की शुरूआत भाजपा फाजिल्का से करेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भारत सरकार हमेशा सबका साथ, सबका विकास की नीति पर चलती है और यह योजना भी गरीबों की भलाई के लिए इसी नीति के तहत बनाई गई है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा गरीबों के लिए रोजगार के दिनों को 100 से बढ़ाकर 125 किया गया है, वहीं इस नई योजना में मजदूरों को काम उपलब्ध न करवाने की स्थिति में जिम्मेदारी भी तय की गई है।
इस योजना से भ्रष्टाचार पर लगेगा अंकुश
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि इस योजना के लागू होने से भ्रष्टाचार बंद होगा और मजदूरी की पूरी राशि सीधे मजदूरों के बैंक खातों तक पहुंचेगी। यही कारण है कि आम आदमी पार्टी सरकार और कांग्रेस इस नई गरीब-हितैषी योजना का विरोध कर रही हैं और इसके खिलाफ समाज में झूठ फैला रही हैं। सुनील जाखड़ ने कहा कि पार्टी इस अभियान के दौरान आम आदमी पार्टी और कांग्रेस द्वारा गरीबों के कल्याण के लिए लाई गई इस योजना के खिलाफ फैलाए जा रहे भ्रम का पर्दाफाश करेगी और मजदूरों को सच्चाई से अवगत कराएगी।
गरीबों के अधिकार होंगे सुरक्षित
सुनील जाखड़ ने कहा कि पहले मजदूरों को 100 दिन का रोजगार न देने पर किसी को भी जिम्मेदार नहीं ठहराया जाता था, लेकिन नए कानून में जिम्मेदारी तय होगी और अब गरीबों के अधिकारों का हनन नहीं किया जा सकेगा ’ सुनील जाखड़ ने कहा कि सरकार अपनी नाकामियों पर पर्दा डालने और असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस योजना के खिलाफ झूठा प्रचार कर रही है और भाजपा व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से इस भ्रम-जाल को तोड़ेगी।
ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : चार साल में 61 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली : मान


