Punjab Breaking News : बिक्रमजीत मजीठिया की जमानत याचिका स्वीकार

0
1739
Punjab Breaking News : बिक्रमजीत मजीठिया की जमानत याचिका स्वीकार
Punjab Breaking News : बिक्रमजीत मजीठिया की जमानत याचिका स्वीकार

नगर निगम चुनाव के दौरान हुए विवाद के बाद हुआ था केस दर्ज

Punjab Breaking News (आज समाज), अमृतसर। शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री बिक्रमजीत सिंह मजीठिया को एक बड़े मामले में अमृतसर की अदालत से राहत मिली है। दरअसल अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश मोनिका शर्मा की अदालत ने बिक्रम सिंह मजीठिया, उनके साथी जोध सिंह समरा और जतिंदर पाल सिंह की जमानत याचिका स्वीकार कर ली है। आपको बता दें कि उक्त मामला नगर निगम चुनाव के दौरान का है। बिक्रमजीत मजीठिया पर आरोप लगे थे कि चुनाव के दौरान अकाली समर्थक जोबनप्रीत सिंह को पुलिस ने हिरासत में लिया था।

अकाली दल के नेताओं का दावा था कि हिरासत की जानकारी परिवार को नहीं दी गई। इसी मुद्दे को लेकर बिक्रम सिंह मजीठिया अपने समर्थकों के साथ थाना मजीठा पहुंचे और पुलिस कार्रवाई के विरोध में धरना दिया। पुलिस के अनुसार प्रदर्शन के दौरान मजीठिया और उनके समर्थक थाने के भीतर पहुंच गए थे। पुलिस ने आरोप लगाया था कि उन्होंने हिरासत में मौजूद अपने समर्थक को छुड़ाने का प्रयास किया। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि एक सब इंस्पेक्टर का मोबाइल फोन छीन लिया गया और थाने के कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेजों को नुकसान पहुंचाया गया।

दोनों पक्षों को सुनने के बाद लिया गया फैसला

हालांकि बचाव पक्ष ने पुलिस के आरोपों को चुनौती दी थी और मामले में कई कानूनी व तथ्यात्मक सवाल उठाए गए थे। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने जमानत याचिका स्वीकार कर ली। फिलहाल अदालत से जमानत मिलने के बाद मजीठिया और उनके साथियों को राहत मिली है, लेकिन मामले की सुनवाई और जांच प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। इस मामले पर राजनीतिक हलकों की नजर बनी हुई है क्योंकि यह पंजाब की राजनीति में लंबे समय से चर्चा का विषय रहा है। ज्ञात रहे कि बिक्रमजीत सिंह मजीठिया इससे पहले आय से ज्यादा संपत्ति मामले में लंबे समय तक जेल में रह चुके हैं। वह उस मामले में भी अभी जमानत पर बाहर आए हुए हैं।

  • TAGS
  • [post_tags]