उसका एक साथी भी चढ़ा हत्थे आरोपियों से हैंड ग्रेनेड, पिस्तौल और 907 ग्राम हेरोइन बरामद
Chandigarh Crime News (आज समाज), चंडीगढ़ : स्टेट स्पेशल आॅपरेशन सेल (एसएसओसी) एसएएस नगर ने सेना के भगोड़े, जिसकी पहचान राजबीर सिंह उर्फ फौजी के रूप में हुई है, को बिहार के मोतीहारी में भारत-नेपाल सीमा के पास कस्बा रक्सौल से 500 ग्राम हेरोइन और एक हैंड ग्रेनेड सहित उस समय गिरफ्तार कर लिया जब वह नेपाल के रास्ते देश छोड़कर भागने की फिराक में था।
यह जानकारी पुलिस डायरेक्टर जनरल (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने देते हुए बताया यह कार्रवाई फाजिलका की काशी राम कॉलोनी के रहने वाले उसके साथी चिराग, जिससे 407 ग्राम हेरोइन और एक 9 एमएम पिस्तौल बरामद की गई थी, की गिरफ्तारी के बाद सामने आई है।
दोनों आरोपी मिलकर तस्करी करते थे
जिक्रयोग्य है कि उक्त चिराग नाम का व्यक्ति आरोपी राजबीर के लिए कोरियर मैन के रूप में काम कर रहा था और नशीले पदार्थों की तस्करी की कमाई को उस तक वापस पहुंचाने में अहम भूमिका निभाता था। इस तरह चिराग नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन में एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम कर रहा था। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि गिरफ्तार आरोपी राजबीर की प्रारंभिक जांच से पता लगा है कि वह 2011 में भारतीय सेना में भर्ती हुआ था और फरवरी 2025 में उस समय सेना से भगोड़ा हो गया था, जब उस और उसके साथियों पर इस साल की शुरूआत में अमृतसर ग्रामीण के पुलिस स्टेशन घरिंडा में आधिकारिक भेद अधिनियम की धारा 3, 4 और 5 के तहत एक जासूसी मामले में केस दर्ज किया गया था।
सोशल मीडिया से पाकिस्तानी तस्करों से जुड़े थे आरोपी
अधिक विवरण साझा करते हुए एआईजी एसएसओसी एसएएस नगर डी सुदरविजी ने कहा कि जांच से यह भी पता लगा है कि 2022 में, गिरफ्तार आरोपी राजबीर सोशल मीडिया के माध्यम से कुछ पाकिस्तान-आधारित संस्थाओं के संपर्क में आया था और उसने हेरोइन की खेप तक पहुंच के बदले उन्हें आगे सैन्य की संवेदनशील और गुप्त जानकारी देनी शुरू कर दी थी और अन्य सेना कर्मियों को भी इन हैंडलरों से परिचय करवाया। केस दर्ज होने के बाद राजबीर फरार हो गया और नेपाल जाकर छिप गया, जिसके बाद वह अक्सर पंजाब और नेपाल के बीच आता- जाता रहा और अपनी नशीले पदार्थों की तस्करी का काम जारी रखा।
एआईजी ने बताया कि राजबीर के अनुसार उसके पाकिस्तान-आधारित हैंडलर उसे नेपाल के रास्ते भारत से यूरोप भागने में सहायता कर रहे थे। उन्होंने बताया कि कार्रवाई के तहत आरोपी का ट्रांजिट रिमांड प्राप्त करने के बाद उसे पंजाब लाया गया।


