Himachal News: हिमाचल प्रदेश में नशे के तस्करों द्वारा चिट्टे की तस्करी के लिए अनोखा तरीका अपनाने का मामला सामने आया है। ऊना के बनखंडी में एक युवक मोटरसाइकिल के हैंडल पर बंधी चुनरी में चिट्टा छिपाकर ले जा रहा था। वनखंडेश्वर मंदिर के पास पुलिस की नाकाबंदी के दौरान उसकी यह तरकीब पकड़ी गई। तलाशी में चुनरी से 6.37 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
चुनरी से निकला 6.37 ग्राम चिट्टा
पुलिस के अनुसार, हरोली थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार के नेतृत्व में टीम पिछले दिन देर शाम बनखंडी स्थित वनखंडेश्वर मंदिर के पास यातायात जांच कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार अजय कुमार को जांच के लिए रोका गया। नियमानुसार तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल के हैंडल के साथ बंधी चुनरी से 6.37 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
नेटवर्क की तह में जाने के लिए जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी नशीले पदार्थ की खेप कहां से लेकर आया था और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी। मामले में नशा तस्करी से जुड़े बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।
एसपी ने कहा नहीं बख्शे जाएंगे तस्कर
इलाके के एसपी सचिन हीरेमठ ने कहा कि जिला पुलिस नशे के सेवन और तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आमजन से युवाओं को नशे से बचाने में सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे के दलदल में धकेलने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।


