Rajasthan News: श्रीगंगानगर रेल ट्रैक ब्लास्ट मामले में बड़ा खुलासा, पाकिस्तान से आया था RDX, मामले की NIA करेगा जांच

0
52

Rajasthan News: राजस्थान के श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में बड़ा खुलासा होने के बाद इसकी जांच की जिम्मेदारी नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) को सौंप दी गई है। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों से पूछताछ और दो अन्य बमों की बरामदगी के बाद जांच में आतंकवादी एंगल सामने आया है। शुरुआती जांच में यह संकेत मिले हैं कि पाकिस्तान से भारत में RDX की खेप भेजी गई थी।

NIA को सौंपी गई जांच

आरोपियों से बरामद दोनों बमों की प्रारंभिक फोरेंसिक जांच में भी RDX होने के सबूत मिले हैं। इन तथ्यों के सामने आने के बाद मामले की जांच को और व्यापक करते हुए NIA को भी शामिल किया गया है।

पाक हैंडलर से लोकेशन साझा किया

राजस्थान पुलिस ने श्रीगंगानगर जिले के रामसिंहपुर इलाके में तीन नवंबर को 50 जीबी गांव के पास रेल पटरी पर हुए विस्फोट के मामले में तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने पाकिस्तान स्थित एक आतंकी हैंडलर के साथ घटनास्थल की लोकेशन साझा की थी। जांच अधिकारी एवं आईपीएस अधिकारी नितिन चौधरी ने बताया कि आरोपी को पंजाब के गुरदासपुर से प्रोडक्शन वारंट पर राजस्थान लाया गया है। वह वहां 15-20 दिन पहले हुई गोलीबारी की एक घटना के सिलसिले में पहले से ही जेल में बंद था।

तीन नवंबर को हुआ ट्रैक पर ब्लास्ट

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने रेल पटरी की लोकेशन पाकिस्तान में बैठे ‘शाह’ नाम के हैंडलर के साथ साझा की थी। चौधरी ने बताया कि विस्फोट में आरोपी की कथित भूमिका और पाकिस्तानी हैंडलर के साथ उसके संबंधों की जांच की जा रही है। रामसिंहपुर इलाके में 50 जीबी गांव के पास तीन नवंबर को रेल पटरी पर विस्फोट हुआ था। घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू की थी।

पहले हो चुकी है दो गिरफ्तारियां

इससे पहले, पुलिस ने गुरदासपुर से ही दो आरोपियों महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया था। अदालत ने दोनों को 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया था। तीसरी गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपियों के बीच कथित संबंधों और पाकिस्तान स्थित हैंडलर की भूमिका की जांच कर रही है।

  • TAGS
  • [post_tags]