Nahan Clash: नाहन में दो समुदायों के बीच विवाद के बाद धारा 163 लागू, 29 अक्टूबर तक रैली-जुलूस पर रोक

0
91
Nahan News Today, Himachal Pradesh News, Nahan Stone Pelting Incident, Section 163 Imposed in Nahan, Sirmaur News, Nahan Community Clash, नाहन विवाद, हिमाचल प्रदेश समाचार, नाहन में धारा 163 लागू, सिरमौर न्यूज़
हिमाचल प्रदेश के नाहन में तनाव के बाद धारा 163 लागू कर दी गई है।

Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के नाहन में वाल्मीकि चौक पर 23 अक्टूबर को हुई पत्थरबाजी की घटना के बाद जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शहर के संवेदनशील इलाकों में धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है। जिला मजिस्ट्रेट एवं उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा की ओर से जारी आदेश के अनुसार प्रतिबंध 29 अक्टूबर तक प्रभावी रहेंगे। इस दौरान सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने, रैली-जुलूस निकालने और प्रदर्शन करने पर रोक रहेगी। प्रशासन ने यह कदम दोबारा तनाव पैदा होने की आशंका को देखते हुए उठाया है।

नाहन में पत्थरबाजी के बाद प्रशासन अलर्ट

नाहन के वाल्मीकि चौक पर 23 अक्टूबर को स्वागत द्वार से जुड़े विवाद के दौरान दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद स्थिति हिंसक हो गई थी। इस दौरान दोनों ओर से पत्थरबाजी और अन्य वस्तुएं फेंके जाने की खबरें सामने आई थीं। घटना में पुलिसकर्मियों सहित कई लोग घायल हुए और वाहनों को नुकसान पहुंचा। विवाद के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ था। पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया था। घटना के बाद क्षेत्र में दोबारा तनाव पैदा होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं।

27 अक्टूबर को संभावित जुटान की आशंका

जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश के मुताबिक पुलिस अधीक्षक सिरमौर की रिपोर्ट में आशंका जताई गई थी कि 27 अक्टूबर को सुबह 10 बजे वाल्मीकि चौक पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो सकते हैं। यह जुटान चौक पर संरचना को हुए नुकसान के विरोध में संभावित प्रदर्शन से जुड़ा बताया गया है। रिपोर्ट में हिमाचल प्रदेश के अलावा पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ से लोगों के पहुंचने की आशंका भी व्यक्त की गई थी। प्रशासन ने आशंका जताई कि बड़ी संख्या में लोगों के जुटने से दोनों पक्षों के बीच फिर से टकराव हो सकता है, जिससे जान-माल के नुकसान और कानून-व्यवस्था बिगड़ने का खतरा पैदा हो सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए गए हैं।

  • TAGS
  • [post_tags]