Himachal News | आज समाज नेटवर्क | शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) बंद किए जाने से उत्पन्न वित्तीय संकट पर चर्चा के लिए शुक्रवार को सर्वदलीय बैठक के बाद राजनति गरमा गई है। इस बैठक में सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने सामने नजर आए। बैठक में सत्तापक्ष के कुछ वक्ताओं द्वारा पीएम मोदी और केंद्र सरकार के प्रति की गई टिप्पणी से नाराज विपक्षी भाजपा के नेताओं ने बैठक बीच में छोड़ी और वॉकआउट कर दिया, जिससे मामला गरमा गया है।
उधर, बैठक संपन्न होने के बाद मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य के हितों के मुद्दे पर भाजपा सहयोग नहीं कर रही है और जनता आने वाले समय में इस रवैये का जवाब देगी।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि केंद्र के फैसले से हिमाचल को बड़ा नुकसान होगा और राज्य के साथ भेदभाव किया जा रहा है। वहीं, संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि भाजपा के प्रतिनिधि समाधान खोजने के बजाय टकराव की मंशा से बैठक में आए थे।
आपत्तिजनक शब्दों के प्रयोग पर भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने कड़ा एतराज जताया
बता दें कि सर्वदलीय बैठक के दौरान माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया जब केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री के संदर्भ में कुछ वक्ताओं द्वारा कथित रूप से आपत्तिजनक शब्दों के प्रयोग पर भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने कड़ा एतराज जताया।
विरोध दर्ज कराते हुए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल सहित अन्य भाजपा नेता बैठक छोड़कर बाहर निकल गए। भाजपा नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन भाषा की मर्यादा और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति सम्मान बनाए रखना सभी दलों की जिम्मेदारी है।
बैठक से बाहर निकलने के बाद डॉ. राजीव बिंदल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भाजपा प्रदेश के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए तथ्यात्मक और विस्तृत पक्ष लेकर बैठक में शामिल हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार सत्ता में आए लगभग 40 महीने बीत जाने के बावजूद अपनी वित्तीय विफलताओं की जिम्मेदारी केंद्र सरकार और भाजपा पर डाल रही है।
बिंदल ने कहा कि भाजपा ने सत्ता में रहते हुए भी और विपक्ष में रहते हुए भी हिमाचल के विकास को प्राथमिकता दी है और आगे भी प्रदेशहित के मुद्दों पर सकारात्मक भूमिका निभाएगी।
उधर, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने बैठक के बाद कहा कि वित्त सचिव की प्रस्तुति में कई तथ्य भ्रामक थे। उनका कहना था कि आरडीजी बंद होना अचानक लिया गया निर्णय नहीं है, बल्कि पूर्व वित्त आयोगों ने पहले ही इसके चरणबद्ध समापन के संकेत दे दिए थे।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने समय रहते न तो व्यय नियंत्रण की ठोस रणनीति बनाई और न ही आय बढ़ाने के उपाय किए। उन्होंने यह भी कहा कि आरडीजी केवल हिमाचल की ही नहीं, बल्कि 17 राज्यों की बंद हुई है, इसलिए भेदभाव के आरोप निराधार हैं।
कुल मिलाकर, आरडीजी के मुद्दे पर बुलाई गई सर्वदलीय बैठक राज्य में बढ़ते राजनीतिक टकराव का नया अध्याय बन गई है। आने वाले दिनों में यह देखना अहम होगा कि केंद्र और राज्य के बीच इस मसले पर कोई ठोस समाधान निकलता है या राजनीतिक खींचतान और तेज होती है।
Himachal News : दुविधा में भाजपा, राजस्व घाटा अनुदान पर रुख स्पष्ट नहीं कर पाए – मुख्यमंत्री


