
दोनों ट्रकों की तेज गति बनी हादसे का कारण, क्षतिग्रस्त ट्रक को काटकर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला
Himachal Hagoni Tunnel Accident (आज समाज), मंडी : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में चंडीगढ़-मनाली फोरलेन मार्ग पर स्थित हनोगी टनल में आज सुबह दो तेज रफ्तार ट्रकों में आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी की दोनों के आगे का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई जबकि सात गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही बचाव टीमें व पुलिस मौके पर पहुंची।
जब बचाव टीमें मौके पर पहुंची तो देखा की दोनों ही वाहनों का आगे का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका था। इसी के चलते इसमें फंसने से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों के शव वाहनों का हिस्सा कटर के साथ काटकर बाहर निकाले गए। वहीं पुलिस व अन्य बचाव टीमों ने वाहनों में सवार अन्य गंभीर घायलों को भी मुश्किल से बाहर निकाला। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है वहीं घायलों को भी उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया है।
दोनों वाहनों में सीधी टक्कर हुई
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में से एक ट्रक मंडी से कुल्लू की तरफ जा रहा था, जबकि दूसरा ट्रक कुल्लू से मंडी की दिशा में आ रहा था। टनल के भीतर दोनों वाहन अत्यधिक गति में थे, जिससे उनके बीच सीधी और तीव्र टक्कर हो गई। टक्कर आयशर ट्रक और टाटा ट्रक के बीच हुई।
दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि आयशर ट्रक का एक तरफ का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर गायब हो गया। आयशर ट्रक में सवार लोग क्षतिग्रस्त वाहन के मलबे में बुरी तरह फंस गए थे। स्थानीय निवासियों और पुलिस ने बचाव कार्य शुरू किया और लोहे की रॉड से ट्रक के क्षतिग्रस्त हिस्से को काटकर फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला। काफी मशक्कत के बाद सभी पीड़ितों को बाहर निकाला जा सका।
तीन की मौके पर मौत, एक ने अस्पताल में तोड़ा दम
दुर्घटना के पश्चात घायलों और मृतकों को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। सीएचसी नगवाईं के मेडिकल आॅफिसर ने तीन लोगों को मौके पर ही मृत घोषित कर दिया। हादसे में कुल सात लोग घायल हुए थे, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद नेरचौक स्थित मेडिकल कॉलेज और जोनल अस्पताल कुल्लू भेजा गया। अस्पताल में इलाज के दौरान दो गंभीर घायलों में से एक ने दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई। डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि टनल के भीतर तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।

