Faridabad DU Student Death News: हरियाणा के फरीदाबाद में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) की 19 साल की छात्रा का शव एक OYO होटल के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। पुलिस को कमरे से एक नोट और चूहे मारने की दवा की खाली पुड़िया मिली है। घटना के बाद से छात्रा के साथ होटल में ठहरा युवक फरार है। छात्रा सोमवार को कॉलेज जाने का बहाना बनाकर निकली थी और होटल पहुंच गई थी।
कॉलेज जाने के नाम पर घर से निकली थी छात्रा
मृतका फरीदाबाद के कुरैशीपुर स्थित गांधी कॉलोनी की रहने वाली थी। परिजनों के अनुसार वह सोमवार सुबह घर से कॉलेज जाने की बात कहकर निकली थी। सोमवार दोपहर करीब 3 बजे तक परिवार के सदस्यों की उससे फोन पर सामान्य बातचीत हुई, लेकिन इसके बाद अचानक उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने काफी तलाश की और कोई सुराग न मिलने पर मंगलवार सुबह पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
होटल में बेहोश मिली, मुंह से निकल रहा था झाग
मंगलवार को सराय थाना पुलिस को सेक्टर-37 स्थित एक होटल में युवती के बेहोश पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने होटल स्टाफ की मदद से कमरे का दरवाजा खुलवाया। अंदर बेड पर छात्रा अचेत अवस्था में पड़ी थी और उसके मुंह व नाक से झाग निकल रहे थे। पुलिस को जांच के दौरान कमरे से उसका कॉलेज बैग, चूहे मारने की दवा की खाली पुड़िया और एक नोट बरामद हुआ।
अपने पड़ोस के लड़के साथ होटल आई थी छात्रा
पुलिस की शुरुआती जांच से पता चला है कि छात्रा सोमवार को अपने पड़ोस में रहने वाले विपिन यादव नाम के युवक के साथ होटल में ठहरी थी। होटल में पहुंचने के करीब ढाई घंटे बाद ही विपिन कमरे को बाहर से बंद करके चला गया था और पूरी रात वापस नहीं लौटा। करीब 22 घंटे बाद होटल स्टाफ द्वारा चेकिंग करने पर इस घटना का खुलासा हुआ, जिससे गेस्ट हाउस प्रबंधन की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
नोट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी जांच
फरीदाबाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि बरामद वह नोट छात्रा ने खुद लिखा था या उसे किसी ने प्लांट किया है। इसके लिए हैंडराइटिंग मिलान कराया जा रहा है। नोट में हत्या और आगरा नहर में कूदने जैसी बातों का भी जिक्र सामने आया है। फिलहाल पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज और छात्रा की आखिरी मोबाइल लोकेशन खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।


